Sonebhadra News:51 हजार की कुश्ती में यशवंत गिरि ने असलम भूरा को दी पटकनी – Yashwant Giri Defeated Aslam Bhura In A Wrestling Bout With A Prize Of 51,000
करमा (सोनभद्र)। विकास खंड करमा के रानीतारा गांव में सोमवार को आयोजित कुश्ती दंगल में पहलवानों ने दमखम और दांव-पेच का प्रदर्शन किया। सोनभद्र, वाराणसी समेत विभिन्न जिलों से पहुंचे पहलवानों ने अखाड़े में एक-दूसरे को चुनौती दी। रोमांचक मुकाबले देखने के लिए दर्शकों की भीड़ उमड़ी रही। पहलवानों के हर दांव पर दर्शकों ने तालियां बजाकर उत्साह बढ़ाया। दंगल का सबसे चर्चित मुकाबला 51 हजार रुपये की इनामी कुश्ती का रहा। इसमें असलम भूरा पहलवान और वाराणसी के यशवंत गिरि के बीच जोरदार मुकाबला हुआ। दोनों ने अपनी कुश्ती कला और ताकत का प्रदर्शन किया। अंततः यशवंत गिरि ने शानदार दांव लगाकर असलम भूरा को पटकनी दी और मुकाबला अपने नाम कर लिया। उनकी जीत पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं। दंगल में विभिन्न जिलों से आए पहलवानों के बीच कई अन्य मुकाबले भी हुए। इस दौरान पहलवानों की फुर्ती, मजबूत पकड़ और दांव-पेच आकर्षण का केंद्र रहे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं पूर्व ब्लॉक प्रमुख संजय यादव, माला चौबे, सपा जिलाध्यक्ष रामनिहोर यादव, जयप्रकाश उर्फ चेखुर पांडेय, लोकपति पटेल, सुनील कुमार पांडेय उर्फ जैकी बाबा और सुभाष यादव आदि मौजूद रहे। दंगल के सफल आयोजन में विजई यादव और मोहन यादव ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
