Sultanpur News:मोमबत्ती लगाते समय छज्जे से गिरे किशोर ने तोड़ा दम – Teenager Dies After Falling From A Ledge While Placing A Candle
कूरेभार। गलिबहा गांव में रविवार शाम स्थानीय निवासी ओम प्रकाश यादव के पुत्र लवकुश यादव (17) छज्जे पर मोमबत्ती लगाते समय संतुलन बिगड़ने से नीचे गिर गए। गंभीर रूप से घायल लवकुश की लखनऊ ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई।
परिजनों के मुताबिक लवकुश शाम के समय घर के छज्जे पर मोमबत्ती लगा रहे थे। तभी पैर फिसलने से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें सीएचसी कूरेभार ले गए। वहां चिकित्सक डॉ. जहीर खान ने लवकुश को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया था। स्थिति नाजुक देखकर मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों ने उन्हें ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। लखनऊ ले जाते रास्ते में उसकी मौत हो गई। उनकी मौत से गांव में मातम का माहौल है।
दो भाइयों में सबसे छोटे लवकुश की मौत से मां ज्योति यादव और बड़े भाई राहुल (18) का रो-रोकर बुरा हाल है। त्योहार की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। कूरेभार थाने के प्रभारी निरीक्षक उपेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है, तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
