शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
अंबाला

Ambala News:32 लाख के विकास कार्यों के लिए नहीं मिले ठेकेदार, चौथी बार टेंडर जारी – No Contractors Found For Development Works Worth 32 Lakh; Tender Issued For The Fourth Time

November 11, 2026


अंबाला। नगर परिषद अंबाला सदर क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और सौंदर्यीकरण से जुड़ी योजनाएं प्रशासनिक खींचतान और बजट के अभाव में दम तोड़ती नजर आ रही हैं। लगभग 32.45 लाख रुपये की कुल लागत वाले तीन अहम विकास कार्यों के लिए नगर परिषद को चौथी बार निविदाएं जारी करनी पड़ी हैं।

ठेकेदारों की ओर से लगातार बनाई जा रही दूरी के कारण छावनी के विकास कार्य ठप पड़े हैं। इससे लोगों में रोष पनप रहा है। सूत्रों के अनुसार, नगर परिषद की ओर से पुराने विकास कार्यों का समय पर भुगतान न किए जाने के कारण स्थानीय ठेकेदार गंभीर आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। यही वजह है कि नगर परिषद द्वारा बार-बार टेंडर जारी करने के बावजूद कोई भी एजेंसी या ठेकेदार इन निविदाओं में रुचि नहीं दिखा रहा है।

——–

तीन प्रमुख कार्यों पर अटका पेंच

छावनी के प्रमुख सुभाष पार्क के संचालन व रखरखाव के लिए 9,09,321 रुपये का टेंडर जारी किया गया है। इसी प्रकार सदर क्षेत्र में जगह-जगह लगे फव्वारों के दुरुस्तीकरण और रखरखाव पर 16,23,600 रुपये खर्च किए जाने हैं। वहीं, सुभाष पार्क स्थित ओपन एयर थियेटर में सांस्कृतिक और सार्वजनिक कार्यक्रमों को बढ़ावा देने के लिए 7,12,912 रुपये की लागत से नया साउंड सिस्टम लगाया जाना है।

—–

विकास कार्यों को जल्द शुरू करवाने के लिए चौथी बार निविदाएं आमंत्रित की गई हैं। यदि इस बार भी ठेकेदार आगे नहीं आते हैं, तो नियमानुसार उच्च अधिकारियों को रिपोर्ट भेजकर प्रशासनिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

– गुलशन, सचिव, नगर परिषद, अंबाला सदर।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X