शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
घर को बनाया दवाओं का गोदाम:दिल्ली में 14 लाख की संदिग्ध दवाएं जब्त; 62 में से 37 दुकानों की जांच में गड़बड़ी – Suspicious Medicines Worth Rs 14 Lakh Seized In Delhi
दिल्ली एनसीआर

घर को बनाया दवाओं का गोदाम:दिल्ली में 14 लाख की संदिग्ध दवाएं जब्त; 62 में से 37 दुकानों की जांच में गड़बड़ी – Suspicious Medicines Worth Rs 14 Lakh Seized In Delhi

November 11, 2026


दिल्ली में दवाओं की बिक्री और भंडारण के नियमों की बड़े पैमाने पर अनदेखी हो रही है। मादीपुर गांव में बिना लाइसेंस एक आवासीय परिसर में रखी करीब 14 लाख रुपये की संदिग्ध दवाएं औषधि नियंत्रण विभाग ने दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा के साथ मिलकर जब्त की हैं। 

इस मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। वहीं, एंटीबायोटिक दवाओं की अनधिकृत बिक्री रोकने के लिए चलाए गए विशेष अभियान में 62 दवा प्रतिष्ठानों की जांच की गई तो 37 में नियमों का उल्लंघन मिला। यानी करीब 60 फीसदी प्रतिष्ठानों पर गड़बड़ी सामने आई है।

घर को बना रखा था दवाओं का गोदाम

औषधि नियंत्रण विभाग और दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने चार और पांच नवंबर को मादीपुर गांव में संयुक्त कार्रवाई की। यहां एक आवासीय परिसर में बिना जरूरी लाइसेंस के दवाओं का भंडारण किया गया था। इन दवाओं को बिक्री और वितरण के लिए रखा गया था। विभाग को दवाओं की गुणवत्ता भी संदिग्ध लगी है। औषधि निरीक्षक ने औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम के तहत दवाओं को जब्त कर उनके नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे हैं। विभाग अब जब्त दवाओं की अभिरक्षा और आरोपियों के खिलाफ अभियोजन की प्रक्रिया आगे बढ़ा रहा है।

62 में से 37 दुकानों पर नियमों की अनदेखी

एंटीबायोटिक दवाओं की मनमानी बिक्री पर रोक लगाने के लिए विभाग ने कृष्णा नगर, जीटीबी नगर (किंग्सवे कैंप) और रोहिणी में 41 दवा प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इनमें 25 पर नियमों का उल्लंघन मिला। प्रमुख गड़बड़ियों में पंजीकृत फार्मासिस्ट की मौजूदगी के बिना दवाओं की बिक्री, दवाओं की खरीद-बिक्री का सही रिकॉर्ड नहीं रखना और डॉक्टर की वैध पर्ची के बिना ऐसी दवाएं देना शामिल है।

एम्स-सफदरजंग के पास भी 12 दुकानों में गड़बड़ी

जांच का दायरा एम्स और सफदरजंग अस्पताल के आसपास की दवा दुकानों तक भी पहुंचा। यहां 21 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया, जिनमें 12 में नियमों का उल्लंघन मिला। विभाग ने अलग-अलग स्थानों से कुल 110 दवाओं के नमूने भी गुणवत्ता जांच के लिए एकत्र किए हैं। इसके अलावा गर्भपात में इस्तेमाल होने वाली एमटीपी किट की अनधिकृत बिक्री और दुकानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने से जुड़े नियमों की भी जांच की गई।

नोटिस जारी, आगे भी चलेगा अभियान

नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जांच और नमूनों के नतीजों के आधार पर आगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी। औषधि नियंत्रण विभाग के लाइसेंसिंग प्राधिकरण और कार्यालय प्रमुख राजीव भार्गव के मुताबिक, दिल्ली में बिना लाइसेंस दवाओं के भंडारण और बिक्री व बिना पर्चे एंटीबायोटिक देने वालों के खिलाफ औचक निरीक्षण और कार्रवाई जारी रहेगी।

एंटीबायोटिक का गलत इस्तेमाल बढ़ा सकता है खतरा

विभाग ने एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस यानी रोगाणुओं में दवाओं के खिलाफ प्रतिरोधक क्षमता विकसित होने को गंभीर जनस्वास्थ्य चुनौती बताया है। बिना डॉक्टर की सलाह एंटीबायोटिक का इस्तेमाल संक्रमण के इलाज को मुश्किल बना सकता है। विभाग के मुताबिक, दवाओं का अवैध भंडारण उनकी गुणवत्ता और स्रोत का पता लगाने की व्यवस्था को भी प्रभावित करता है। इसलिए दवा विक्रेताओं के लिए वैध लाइसेंस, पंजीकृत फार्मासिस्ट और डॉक्टर की पर्ची से जुड़े नियमों का पालन अनिवार्य है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X