शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
मुरादाबाद

Moradabad News:कार को ही बना डाला था बार…कहीं सड़क पर तो कहीं ठेलों पर छलक रहे जाम – They Turned The Car Itself Into A Bar… Drinks Were Being Poured And Served On The Roadside And Even On Pushcarts

November 11, 2026


मुरादाबाद। शहर में शाम ढलते ही शराब की दुकानों के आसपास एक अलग ही दुनिया आबाद होने लगती है। कहीं सड़क किनारे खड़ी कारों के भीतर जाम छलकते हैं तो कहीं चाय, सिगरेट और जूस के ठेले शराब पीने के अड्डे बन जाते हैं। मंगलवार रात अमर उजाला की टीम ने शहर के अलग अलग इलाकों में जाकर जब पड़ताल की तो लोग खुले में शराब पीते नजर आए। देसी शराब की दुकानों के आसपास स्थिति सबसे ज्यादा खराब दिखी। खास बात यह है कि आए दिन शराब पीकर झगड़े होते हैं। लेकिन सिस्टम फिर भी खामोश है। यह अड्डे कभी भी शांति के लिए खतरा बन सकते हैं।

मझोला, पाकबड़ा, सिविल लाइंस, कटघर, गलशहीद क्षेत्र में शराब की दुकानों के आसपास रात होते ही लोगों का जमावड़ा नजर आया। कई लोग अपनी कारें सड़क किनारे खड़ी कर उनके भीतर ही शराब पीते नजर आए। बुद्धि विहार कॉलोनी से सोनकपुर ओवरब्रिज की ओर वाले वाली सड़क पर ही कुछ ही दूरी के अंतराल में शराब की तीन दुकानें हैं। इनमें दो कंपोजिट और एक देसी शराब की दुकानों है। तीनों दुकानों के बाहर सड़क किनारे ठेले, दुकानों के इर्द-गिर्द भीड़ मिली। बुद्धि विहार में सर्किट हाउस के पीछे मैदान में भी रात के अंधेरे में महफिलें सजती नजर आई। पीलीकोठी चौराहे, पीएसी तिराहे, बंगला चौराहे, लाइन पार मंडी समिति गेट के पास, प्रकाश नगर चौराहे पर भी लोग शराब पीते नजर आए।

—–

हत्या के बाद भी नहीं बदले हालात

मुरादाबाद। मझोला क्षेत्र में दो दिन पहले ही महफिल ढाबे पर चाय पी रहे युवक अब्दुल्ला की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। ढाबे पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। इस वारदात ने रात में सार्वजनिक स्थानों पर जुटने वाली भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए थे। उम्मीद थी कि इस घटना के बाद पुलिस रात में गश्त बढ़ाएगी और संदिग्ध जमावड़ों पर सख्ती करेगी लेकिन मंगलवार रात की तस्वीरें बताती हैं कि जमीनी स्तर पर हालात में कोई खास बदलाव नजर नहीं आ रहा है

—–

गश्त के दावे, लेकिन सड़कों पर बेखौफ महफिलें

मुरादाबाद। पुलिस की जिम्मेदारी केवल अपराध होने के बाद प्राथमिकी दर्ज करना और आरोपियों की तलाश करना नहीं है। अपराध की आशंका वाले स्थानों पर निगरानी रखना और असामाजिक गतिविधियों को रोकना भी उसकी जिम्मेदारी है लेकिन पुलिस घटना होने के बाद ही जागती और दौड़ भाग करती है।

—

अपराध पर पूरी तरह से अंकुश लगाने के लिए सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं। शराब की दुकानों के आस पास और सार्वजनिक पर शराब पीने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। अगर इन लोगों पर कार्रवाई करने में पुलिस कर्मी लापरवाही बरतेंगे तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

कुमार रण विजय सिंह, एसपी सिटी

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X