झुंझुनूं:पिता का सपना पूरा करने के लिए बेटे ने हेलीकॉप्टर से कराई दुल्हन की एंट्री, बना चर्चा का विषय – Jhunjhunu Retired Army Soldier Son Brings Bride Home By Helicopter Fathers Dream
राजस्थान के झुंझुनूं जिले में एक बेटे ने अपनी शादी के खास मौके पर पिता का बरसों पुराना सपना पूरा कर दिया। पिलानी पंचायत समिति क्षेत्र के ढंढ़ारिया गांव में भारतीय सेना से सेवानिवृत्त राजेश पूनिया के बेटे अभिनव पूनिया अपनी दुल्हन निकिता कुलहरी को हेलीकॉप्टर से घर लेकर पहुंचे। बिन्जासर गांव की रहने वाली निकिता से विवाह के बाद हेलीकॉप्टर से उनकी घर में एंट्री पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गई।
दरअसल, सेवानिवृत्त सैनिक राजेश पूनिया की इच्छा थी कि उनकी बहू शादी के बाद हेलीकॉप्टर से घर पहुंचे। बेटे अभिनव ने विवाह के इस खास अवसर पर पिता की इस ख्वाहिश को पूरा किया। इससे परिवार के लिए यह पल और भी यादगार बन गया।
हेलीकॉप्टर से दुल्हन की एंट्री देखने उमड़े ग्रामीण
ढंढ़ारिया गांव में हेलीकॉप्टर से दुल्हन के पहुंचने का नजारा आकर्षण का मुख्य केंद्र रहा। इस खास पल को देखने के लिए गांव और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हुए। लोग अपने मोबाइल फोन में हेलीकॉप्टर की लैंडिंग और दूल्हा-दुल्हन की तस्वीरें व वीडियो कैद करते नजर आए।
ग्रामीणों ने हेलीकॉप्टर से पहुंची बहू निकिता और दूल्हे अभिनव का जोरदार स्वागत किया। पिता का सपना पूरा करने की अभिनव की इस पहल की इलाके में खूब चर्चा हो रही है।
सुरक्षा के लिए पुलिस और फायर ब्रिगेड रही तैनात
हेलीकॉप्टर की लैंडिंग और शादी के कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्थानीय प्रशासन भी सतर्क रहा। मौके पर मंड्रेला पुलिस प्रशासन की टीम मौजूद रही। वहीं, किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पिलानी से फायर ब्रिगेड की टीम भी तैनात की गई थी।
पुलिस और अग्निशमन दल की मौजूदगी में हेलीकॉप्टर की सुरक्षित लैंडिंग हुई। इसके बाद पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्वक संपन्न हुआ।
