शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
हिमाचल:पौंग झील में विदेशी परिंदों का डेरा, 45 प्रजातियों के 35 हजार से अधिक पक्षियों ने डाला पड़ाव – 35000 Migratory Birds Arrive At Pong Dam Lake Himachal Pradesh 2026
कांगड़ा

हिमाचल:पौंग झील में विदेशी परिंदों का डेरा, 45 प्रजातियों के 35 हजार से अधिक पक्षियों ने डाला पड़ाव – 35000 Migratory Birds Arrive At Pong Dam Lake Himachal Pradesh 2026

November 11, 2026


35000 Migratory Birds Arrive at Pong Dam Lake Himachal Pradesh 2026

पौंग झील में बिचरते बार हैडेड प्रजाति के प्रवासी पक्षी।
– फोटो : स्रोत : विभाग

विस्तार

हिमाचल प्रदेश की अंतरराष्ट्रीय रामसर साइट पौंग झील इन दिनों विदेशी मेहमानों से गुलजार होने लगी है। सर्दियों की दस्तक के साथ ही हजारों किलोमीटर का सफर तय कर चीन, रूस, साइबेरिया, तिब्बत और अफ्रीका सहित विभिन्न क्षेत्रों से प्रवासी पक्षियों का यहां पहुंचना शुरू हो गया है। वन्यप्राणी विभाग की रूटीन गणना में अब तक 45 प्रजातियों के करीब 35 हजार पक्षियों की मौजूदगी दर्ज की गई है। आने वाले दिनों में ठंड बढ़ने के साथ इनकी संख्या में और इजाफा होने की संभावना है।

पौंग झील का अनुकूल वातावरण, पर्याप्त भोजन और सुरक्षित प्राकृतिक आवास इन विदेशी परिंदों को सर्दियों के दौरान आकर्षित करता है। हर साल अक्तूबर से इनका आगमन शुरू हो जाता है। इस बार भी प्रवासी पक्षियों की आमद के साथ झील के आसपास का क्षेत्र पक्षियों की चहचहाहट और रंग-बिरंगी मौजूदगी से जीवंत होने लगा है।

बार हेडेड गूज की सबसे अधिक संख्या

पौंग झील पहुंचने वाले प्रवासी पक्षियों में बार हेडेड गूज की संख्या सबसे अधिक दर्ज की गई है। इसके अलावा नॉर्दर्न पिंटेल और कॉमन टील जैसी प्रजातियां भी झील में पहुंच चुकी हैं। अलग-अलग देशों और भौगोलिक क्षेत्रों से आने वाले ये पक्षी हजारों किलोमीटर की लंबी उड़ान भरकर यहां सर्दियां बिताते हैं। वन्यप्राणी विभाग नगरोटा सूरियां के परिक्षेत्र अधिकारी सुभाष चंद ने बताया कि विभाग की नियमित गणना में अब तक 45 प्रजातियों के लगभग 35 हजार पक्षी दर्ज किए गए हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि 15 नवंबर के बाद तापमान में गिरावट आने पर प्रवासी पक्षियों की आमद में भारी बढ़ोतरी होगी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X