Raebareli News:कपड़े की दुकान में लगी आग – Fire At A Clothing Store
बछरावां। कस्बे में रविवार रात एक कपड़े की दुकान में अचानक आग लग गई। दुकान से आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली। सूचना पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तब तक दुकान में रखा करीब छह लाख रुपये का सामान जल गया। आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट या पटाखा बताया जा रहा है।
लखनऊ निवासी रामसागर ने बछरावां कस्बे में साड़ी सेल के नाम से कपड़े की दुकान खोल रखी है। दुकान में साड़ियों के अलावा बच्चों के कपड़े, पैंट और शर्ट समेत अन्य सामान रखा था। रविवार रात करीब नौ बजे अचानक दुकान में आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया। दुकान से लपटें उठती देख आसपास के लोगों को घटना की जानकारी हुई। दुकानदार रामसागर के मुताबिक, अग्निकांड में करीब छह लाख रुपये का सामान जल गया है। सीओ महराजगंज प्रदीप कुमार ने बताया कि आग लगने के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है।
