Balrampur News:विसर्जन से लौट रहे श्रद्धालुओं की पिकअप पलटी, एक की मौत, 11 घायल – Pickup Vehicle Carrying Devotees Returning From Immersion Ceremony Overturns; One Dead, 11 Injured
गैसड़ी। गणेश-लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन की खुशियां मंगलवार आधी रात हादसे में बदल गईं। बरुनी नाले में प्रतिमा विसर्जन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी पिकअप कोतवाली के पास अचानक पलट गई। हादसे में 11 लोग घायल हो गए। पिकअप पलटने से कई श्रद्धालु उसके नीचे दब गए। काफी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकाला।
सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लठावर पहुंचाया गया। सात घायलों को जिला अस्पताल बलरामपुर रेफर किया गया। जहां दुर्गेश (28) की बुधवार की शाम को तबीयत बिगड़ी, उन्हें बहराइच रेफर किया गया। बहराइच पहुंचने से पहले रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। वहीं दो की हालत गंभीर है। जिसमें एक लखनऊ और एक का में इलाज चल रहा है।
क्षेत्र में दीपावली पर्व पर स्थापित गणेश-लक्ष्मी प्रतिमाओं का विसर्जन जुलूस मंगलवार को निकाला गया था। नगर पालिका के चेयरमैन प्रिंस वर्मा ने बताया कि रात करीब 12 बजे श्रद्धालु बरुनी नाले में प्रतिमाओं का विसर्जन करने के बाद पिकअप से वापस लौट रहे थे। विसर्जन स्थल से करीब 200 मीटर आगे कोतवाली के पास अचानक पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई।
काफी प्रयास के बाद सभी घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों में मनोज गौतम (40), सिद्धार्थ (10), अमर (16), दुर्गेश (28), बरसाती (28), अंकुश (14) और राजन (17) को गंभीर चोटें आने पर जिला अस्पताल भेजा गया। जिला अस्पताल से मनोज गौतम को लखनऊ और सिद्धार्थ को बहराइच रेफर किया गया है।
इसके साथ ही शिवराम व साजन पाल भी घायल हो गए। जिनको सीएचसी से इलाज के बाद घर भेज दिया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गैसड़ी के अधीक्षक अरविंद कुमार ने बताया कि विनय, उमेश और मनजीत को भी प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। रेफर किए गए घायलों के हाथ, पैर और सिर में गंभीर चोटें आई हैं।
हादसे में घायल सभी लोग नगर पंचायत गैसड़ी के खदगौरा वार्ड नंबर चार और बभनपुरवा वार्ड नंबर दस के निवासी हैं। चालक मौके से भाग गया, उसकी पहचान नहीं हो सकी है। सीओ अभय प्रताप मल्ल ने बताया कि मामले में प्रभारी निरीक्षक को पूरे मामले की जांच के निर्देश दिए गए हैं। मामले की रिपोर्ट मांगी गई है। क्षेत्र में सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया है।
नाले से कोतवाली तक अंधा मोड़ बना हादसे का कारण
