मौसम:ऊना में पारा पहुंचा 32.6, आज से पूरे प्रदेश में बिगड़ेगा मौसम; 5 जिलों में बारिश-बर्फबारी का यलो अलर्ट – Weather: Weather To Take A Turn For The Worse Across The Entire State Starting Today
हिमाचल प्रदेश में बुधवार को धूप खिलने से प्रदेश के अधिकतम तापमान सामान्य से 1.7 डिग्री बढ़ोतरी हुई। ऊना में पारा सबसे अधिक 32.6 डिग्री सेल्सियस रहा। बिलासपुर का 29.0, हमीरपुर के नेरी का 28.4, सुंदरनगर का 27.8, धर्मशाला का 26.0 और शिमला का 20.5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। अधिकतर जिलों में दिन के समय चटक धूप खिली।
वहीं, मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने वीरवार और शुक्रवार को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिले में तेज हवाएं चलने, बिजली चमकने और बादलों के गरजने का यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान प्रदेश के कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश के साथ बर्फबारी भी हो सकती है। 14 नवंबर को भी उच्च और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी की संभावना है। सप्ताह के शेष दिनों में मौसम मुख्य रूप से साफ रहने का पूर्वानुमान है।
बुधवार को हिमाचल प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान कुकुमसेरी में – 1.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शिमला में न्यूनतम तापमान 10.6, सुंदरनगर में 7.4, भुंतर में 7.9, कल्पा में 2.3, धर्मशाला में 10.6, ऊना में 11.0, नाहन में 11.7, पालमपुर में 10.0, सोलन में 7.0, मनाली में 5.8, कांगड़ा में 11.4, मंडी में 8.6, बिलासपुर में 10.5, चंबा में 10.1, जुब्बड़हट्टी में 12.3, कुफरी में 8.6, भरमौर में 12.0 और बरठीं में 7.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्यभर में न्यूनतम तापमान में औसतन 0.5 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई।
