Budaun News:इनाया नर्सिंग होम में ऑपरेशन के बाद प्रसूता की मौत, हंगामा – Woman Dies After Surgery At Inaya Nursing Home; Uproar Ensues
बदायूं/अलापुर। इनाया नर्सिंग होम में ऑपरेशन के बाद प्रसूता की हालत बिगड़ने पर नर्सिंग होम के डॉक्टर ने उसे बरेली रेफर कर दिया था। बदायूं पहुंचते ही रास्ते में उसकी मौत हो गई। शव लेकर परिजन नर्सिंग होम पहुंचे और हंगामा किया। पुलिस ने किसी तरह आक्रोशित परिजनों को समझाया।
अलापुर क्षेत्र के गांव कोटा निवासी धीरपाल मंगलवार रात नौ बजे पत्नी प्रेमलता को प्रसव के लिए इनाया नर्सिंग होम लेकर पहुंचे। धीरपाल ने बताया कि डॉक्टर ने ऑपरेशन के नाम पर 40 हजार रुपये मांगे थे। रुपये जमा करने के बाद ही भर्ती किया। बुधवार सुबह प्रेमलता का ऑपरेशन किया।
आरोप है कि ऑपरेशन के कुछ समय बाद पत्नी की हालत बिगड़ने लगी। इस पर डॉक्टर ने उन्हें बरेली रेफर कर दिया। तबीयत खराब देख परिजन उन्हें बरेली ले जा रहे थे। बदायूं पहुंचते ही प्रेमलता ने दम तोड़ दिया। धीरपाल ने बताया कि पत्नी की मौत के बाद परिजन शव लेकर इनाया नर्सिंग होम पहुंचे और डॉक्टर पर गलत तरीके से ऑपरेशन करने का आरोप लगाया। अलापुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत कराया।
–
शव लेकर पहुंचे परिजन, स्टाफ समेत संचालक भागा
नर्सिंग होम के संचालक डॉ. नदीम को जब पता चला कि प्रेमलता की मौत हो गई है। परिजन उसके शव को लेकर नर्सिंग होम आ रहे हैं, तो वह तुरंत स्टॉफ के साथ मौके से भाग निकला। परिजन जयराम ने बताया कि जब वह शव लेकर पहुंचे तो अस्पताल में कोई भी नहीं था। पूरा अस्पताल खाली पड़ा था।
जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड के बाहर परिजनों और पुलिस में हुई झड़प
गांव कोटा निवासी धीरपाल व उसके परिजन अपनी संतुष्टि के लिए प्रेमलता को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। इमरजेंसी में तैनात डॉक्टर ने प्रेमलता की मौत होने की पुष्टि की। इसके बाद परिजन शव को गाड़ी में रखने लगे। इस दौरान मृतक के परिवारीजन और पुलिस में किसी बात को लेकर झड़प हो गई। लोगों ने इसका वीडियो बनाया। तनातनी के बीच कुछ पुलिस कर्मियों ने भी वहां मौजूद लोगों की वीडियो बनानी शुरू कर दी थी।
प्रसूता की मौत के संबंध में जानकारी मिली है। नर्सिंग होम संचालक को नाेटिस जारी कर दिया गया है। बृहस्पतिवार को इनाया नर्सिंग होम में टीम भेजकर संचालन संबंधी प्रपत्रों की जांच कराई जाएगी। उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। -राजकुमार, एमओआईसी, म्याऊं

बदायूं के अलापुर में स्थित इनाया नर्सिंग होम में प्रसूता की मौत के बाद में मौके पर मौजूद पुलिस– फोटो : सांकेतिक

बदायूं के अलापुर में स्थित इनाया नर्सिंग होम में प्रसूता की मौत के बाद में मौके पर मौजूद पुलिस– फोटो : सांकेतिक

बदायूं के अलापुर में स्थित इनाया नर्सिंग होम में प्रसूता की मौत के बाद में मौके पर मौजूद पुलिस– फोटो : सांकेतिक
