फतेहाबाद। नागरिक अस्पताल में बुधवार को दिव्यांगों के लिए जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में दिव्यांग प्रमाणपत्र बनवाने के लिए आवेदन करने वाले लोगों की विशेषज्ञ चिकित्सकों ने जांच की। डॉक्टरों ने दिव्यांगता का आकलन कर आवश्यक चिकित्सा प्रक्रिया पूरी की।
जांच के आधार पर पात्र आवेदकों के दिव्यांग प्रमाणपत्र जारी किए जाएंगे। सिविल सर्जन डॉ. बुधराम ने बताया कि नागरिक अस्पताल में हर बुधवार को दिव्यांगों के लिए जांच शिविर लगाया जाता है। इसमें विशेषज्ञ चिकित्सक आवेदकों की जांच कर उनकी दिव्यांगता का आकलन करते हैं। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत दिव्यांग प्रमाणपत्र जारी किया जाता है।
उन्होंने बताया कि सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं और सुविधाओं का लाभ लेने के लिए दिव्यांग प्रमाणपत्र जरूरी है। ऐसे में पात्र लोगों को प्रमाणपत्र बनवाने के लिए शिविर में पहुंचकर जांच करवानी चाहिए।
वहीं, नागरिक अस्पताल में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच के लिए भी शिविर लगाया गया। इसमें 110 गर्भवती महिलाओं की जांच की गई। चिकित्सकों ने महिलाओं के स्वास्थ्य की जांच कर जरूरी परामर्श दिया। इस दौरान जांच में कुछ गर्भवती महिलाओं में हाई रिस्क प्रेग्नेंसी के लक्षण भी चिह्नित किए गए।