शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Fatehabad News:अधिवेशन में जातिगत जनगणना व आरक्षण के मुद्दे उठेंगे – The Issues Of A Caste-based Census And Reservation Will Be Raised At The Convention
फतेहाबाद

Fatehabad News:अधिवेशन में जातिगत जनगणना व आरक्षण के मुद्दे उठेंगे – The Issues Of A Caste-based Census And Reservation Will Be Raised At The Convention

November 13, 2026


फतेहाबाद। पिछड़ा वर्ग के अधिकारों और आरक्षण से जुड़े मुद्दों पर 15 नवंबर को हिसार में राज्यस्तरीय अधिवेशन होगा। इसकी तैयारियों के लिए पुराने रेस्ट हाउस में मुकेश प्रजापति की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

बैठक में ऑल इंडिया बैकवर्ड क्लासेज फेडरेशन के राष्ट्रीय कानूनी सलाहकार एडवोकेट लाल बहादुर खोवाल और प्रदेशाध्यक्ष रामनिवास वर्मा का स्वागत किया गया। खोवाल ने बताया कि अधिवेशन हिसार के प्रेम नगर स्थित कुम्हार धर्मशाला में आयोजित होगा। आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्य न्यायाधीश एवं राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग (एनसीबीसी) के पूर्व चेयरमैन जस्टिस वी. ईश्वरैया मुख्य अतिथि होंगे।

उन्होंने बताया कि अधिवेशन में ओबीसी जातिगत जनगणना, सरकारी नौकरियों में 27 प्रतिशत आरक्षण और लंबित बैकलॉग भरने जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी। इसके अलावा पदोन्नति में आरक्षण और निजीकरण में पिछड़ा वर्ग की हिस्सेदारी का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया जाएगा।

बैठक को हरियाणा कंबोज सभा के अध्यक्ष देशराज कंबोज, विश्वकर्मा महासभा हिसार के पूर्व प्रधान रामतीर्थ सुथार, पूर्व एक्सईएन धर्मपाल तंवर, कार्यकारी महासचिव डॉ. लखी राम गंगवा, हरियाणा कर्मचारी संघ के पूर्व प्रधान पूनम चंद रती, पूर्व अध्यक्ष महेंद्र जांगिड़ और राजेंद्र जाखड़ ने भी संबोधित किया।

इस अवसर पर राम सिंह फौजी वोहड़ा, कैलाश वर्मा, डॉ. कुलवंत जांगड़ा, संजय सरपंच दौलतपुर, दलवीर सरपंच मताना और बलवंत नोखवाल सहित विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X