उदयपुर:बुजुर्ग महिला के घर 46 लाख की चोरी, 25 तोला सोना और 5 किलो चांदी ले उड़े बदमाश; खेत में मिली अलमारी – Udaipur 46 Lakh Theft 25 Tola Gold 5 Kg Silver 85 Year Old Woman Banjawada
राजस्थान के उदयपुर जिले में चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए 85 वर्षीय बुजुर्ग महिला के घर से करीब 46 लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने और 15 हजार रुपये नकद चुरा लिए। घटना पहाड़ा थाना क्षेत्र के बंजारवाड़ा गांव की है। बुधवार रात बदमाश घर के पीछे की खिड़की तोड़कर अंदर घुसे और कमरों में रखे सामान को खंगालने के बाद अलमारी उठाकर करीब 200 मीटर दूर खेत में ले गए। वहां अलमारी का लॉकर तोड़कर उसमें रखे कीमती आभूषण निकाल लिए। वारदात के दौरान चोरों ने आसपास के मकानों के मुख्य दरवाजों की बाहर से कुंडी भी लगा दी, ताकि किसी को चोरी का पता चलने पर वह तुरंत बाहर न निकल सके। सुबह ग्रामीणों को खेत में अलमारी पड़ी मिली, जिसके बाद चोरी की घटना का खुलासा हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
घर में अकेली सो रही थीं 85 वर्षीय सेना देवी
जानकारी के अनुसार, बंजारवाड़ा गांव निवासी सेना देवी अपने मकान में अकेली रहती हैं। उनका एक बेटा तुलसीराम गुजरात के एक होटल में काम करता है। बुधवार रात सेना देवी घर में सो रही थीं। इसी दौरान चोरों ने मकान के पीछे की खिड़की तोड़ी और अंदर दाखिल हो गए। बदमाशों ने घर के कमरों में रखे सामान को खंगाला और कीमती गहनों से भरी अलमारी उठाकर घर से करीब 200 मीटर दूर खेत में ले गए। वहां अलमारी का लॉकर तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण निकाल लिए।
आसपास के घरों की बाहर से लगा दी कुंडी
चोरी की वारदात को अंजाम देने के लिए बदमाशों ने शातिर तरीका अपनाया। उन्होंने आसपास के मकानों के मुख्य दरवाजों की बाहर से कुंडी लगा दी, ताकि किसी को घटना की भनक लगने पर भी लोग तुरंत अपने घरों से बाहर नहीं निकल सकें। सुबह जब सेना देवी की नींद खुली तो घर के कमरों में सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी का लॉकर भी टूटा हुआ था। इसके बाद उन्होंने आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी। सुबह ग्रामीणों को घर से करीब 200 मीटर दूर खेत में अलमारी पड़ी मिली।
25 तोला सोना और 5 किलो चांदी के गहने चोरी
बदमाश घर से करीब 25 तोला सोना और 5 किलो चांदी के आभूषण ले गए। चोरी हुए सोने के गहनों में कंगन, मोटी चेन, तरड़िया और अन्य आभूषण शामिल हैं। वहीं, चांदी के गहनों में पायल, बिछूड़ी, सांकली, कंदोरा, पायजेब, कडले और हांसली सहित कई कीमती सामान शामिल हैं। इसके अलावा घर में रखे 15 हजार रुपये नकद भी बदमाश अपने साथ ले गए। चोरी हुए सामान की कुल कीमत करीब 46 लाख रुपये बताई जा रही है।
4 से 6 बदमाशों के शामिल होने की आशंका
घटना की सूचना मिलने पर पहाड़ा थानाधिकारी राजेश मीणा पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। घर से करीब 200 मीटर दूर खेत में अलमारी मिलने और उसे उठाकर ले जाने की घटना को देखते हुए पुलिस को वारदात में 4 से 6 बदमाशों के शामिल होने की आशंका है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी है।
ग्रामीणों ने रात्रि गश्त पर उठाए सवाल
चोरी की घटना सामने आने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। ग्रामीणों ने इसे गांव में अब तक हुई सबसे बड़ी चोरी की घटनाओं में से एक बताया। उन्होंने क्षेत्र में पुलिस की रात्रि गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। ग्रामीणों का कहना है कि रात के समय पुलिस गश्त नहीं होने से चोरों के हौसले बुलंद हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
