जोधपुर:बिना ओटीपी के बुजुर्ग के बैंक खाते से निकाले 3.77 लाख रुपये, छह बार में की ठगी – Jodhpur Cyber Fraud 3 77 Lakh Withdrawn From Elderly Bank Account Without Otp Uco Bank
राजस्थान के जोधपुर में साइबर ठगी का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां साइबर ठगों ने एक बुजुर्ग के बैंक खाते से बिना ओटीपी के ही छह बार में 3.77 लाख रुपये निकाल लिए। ठगी के दौरान पीड़ित के मोबाइल पर न तो कोई वन टाइम पासवर्ड (ओटीपी) आया और न ही खाते से रकम कटने का कोई अलर्ट मिला। बुजुर्ग को इस धोखाधड़ी का पता तब चला, जब उन्होंने खुद बैंक खाते का विवरण जांचा। इसके बाद उन्होंने राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई। खांडा फलसा थाना पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
छह बार में निकाले 3.77 लाख रुपये
खांडा फलसा थाना क्षेत्र के कोरना हाउस रोड स्थित सिवांची गेट निवासी 52 वर्षीय अशोक भाटी का नेहरू पार्क के पास स्थित यूको बैंक की शाखा में खाता है। पीड़ित के अनुसार, 9 नवंबर को अज्ञात साइबर ठगों ने उनके बैंक खाते को निशाना बनाया। ठगों ने छह अलग-अलग बार में कुल 3,77,309.20 रुपये निकाल लिए।
हैरानी की बात यह है कि खाते से लगातार रकम निकलने के बावजूद अशोक भाटी के मोबाइल पर किसी तरह का ओटीपी या पैसे कटने का अलर्ट संदेश नहीं आया। इसी वजह से उन्हें तत्काल ठगी का पता नहीं चल सका।
बैंक खाते का विवरण जांचने पर खुला मामला
अशोक भाटी ने सामान्य प्रक्रिया के तहत जब अपने बैंक खाते का विवरण चेक किया तो उसमें से बड़ी रकम गायब मिली। खाते से 3.77 लाख रुपये निकलने की जानकारी मिलते ही वह हैरान रह गए। इसके बाद उन्होंने तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन पर संपर्क किया और ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई।
बाद में पीड़ित खांडा फलसा थाने पहुंचे और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी देते हुए लिखित शिकायत सौंपी। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल साइबर सेल की मदद से ठगी के तरीके, बैंक खाते से हुए लेनदेन और इसमें शामिल आरोपियों के नेटवर्क की जांच की जा रही है।
