शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
फरीदाबाद

Faridabad News:एल्सन चौक से सोहना रोड टी-प्वाइंट तक लगेंगी स्मार्ट स्ट्रीट लाइटें – Smart Street Lights Will Be Installed From Elson Chowk To The Sohna Road T-point

November 12, 2026


Smart street lights will be installed from Elson Chowk to the Sohna Road T-point.

3.43 किलोमीटर लंबे मार्ग का होगा सौंदर्यीकरण, रात में वाहन चालकों और राहगीरों को मिलेगी बेहतर रोशनी

2.18 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे

अमर उजाला ब्यूरो

फरीदाबाद। शहर में रात के समय अंधेरे और खराब रोशनी के कारण वाहन चालकों और राहगीरों को होने वाली परेशानी दूर करने के लिए फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण (एफएमडीए) ने स्मार्ट स्ट्रीट लाइटिंग की योजना तैयार की है। इसके तहत एल्सन चौक से सोहना रोड टी-प्वाइंट तक करीब 3.43 किलोमीटर लंबे मार्ग पर आधुनिक स्मार्ट स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। इसके साथ ही पूरे मार्ग का सौंदर्यीकरण भी किया जाएगा। परियोजना पर करीब 2.18 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इससे रात में इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों के साथ आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों और पैदल राहगीरों को बेहतर रोशनी की सुविधा मिलेगी।

गौरतलब है कि शहर के कई प्रमुख मार्गों पर पर्याप्त रोशनी नहीं होने से रात के समय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई जगह अंधेरे के कारण सड़क पर चल रहे वाहनों, मोड़ और आसपास की गतिविधियों को देखना मुश्किल हो जाता है। इससे हादसों का खतरा भी बना रहता है। ऐसे में इस मार्ग पर स्मार्ट स्ट्रीट लाइटें लगने से आवागमन अधिक सुविधाजनक होने की उम्मीद है। साथ ही आधुनिक लाइटिंग व्यवस्था से सड़क की सुंदरता भी बढ़ेगी।

पांच महीने में पूरा करना होगा काम

परियोजना की अनुमानित लागत 2,18,19,979 रुपये निर्धारित की गई है। इसके तहत स्मार्ट स्ट्रीट लाइट लगाने, मार्ग का सौंदर्यीकरण करने और इससे जुड़े अन्य जरूरी कार्य किए जाएंगे। कार्य आवंटित होने के बाद संबंधित एजेंसी को करीब पांच महीने में परियोजना पूरी करनी होगी।

अक्सर शहर में स्ट्रीट लाइटें लगाने के कुछ समय बाद उनके खराब होने और शिकायत के बावजूद समय पर ठीक नहीं होने की समस्या सामने आती है। कई मार्गों पर लाइटें बंद रहने से लोगों को अंधेरे में आवागमन करना पड़ता है। इसके मद्देनजर एफएमडीए ने पांच साल का संचालन एवं रखरखाव (ओएंडएम) शामिल किया है। इससे स्ट्रीट लाइट लगाने वाली एजेंसी की जवाबदेही तय होगी। लाइटों में खराबी आने पर उन्हें ठीक कराने की जिम्मेदारी भी संबंधित एजेंसी की होगी। इससे लोगों को लंबे समय तक बेहतर प्रकाश व्यवस्था मिलने की उम्मीद है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X