शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
धरती के ऊपर मंडरा रहा सबसे बड़ा खतरा, एक न्यूक्लियर बम से कबाड़ बन जाएंगे 99% सैटेलाइट्स!
नॉलेज

धरती के ऊपर मंडरा रहा सबसे बड़ा खतरा, एक न्यूक्लियर बम से कबाड़ बन जाएंगे 99% सैटेलाइट्स!

November 12, 2026


धरती पर ट्रैफिक और दौड़ती कारों की भीड़ तो परेशान करती ही है, आसमान में भी इस समय भीड़भाड़ काफी ज्‍यादा बढ़ गई है. ये भीड़ है सैटेलाइट्स की जो लो-अर्थ ऑर्बिट में घूम रहे हैं. इस समय लो-अर्थ ऑर्ब‍िट में 13,000 से ज्यादा सैटेलाइट घूम रहे हैं. ये सैटेलाइट रोजमर्रा में काम आने वाले फोन और डेटा कम्युनिकेशन, सैटेलाइट इंटरनेट, मौसम के पूर्वानुमान और बहुत सारी दूसरी चीजों की रीढ़ की हड्डी हैं. यानी हमारी ज‍िंदगी की बेहद जरूरी चीजें और जानकारी इन्‍हीं सैटेलाइटों के भरोसे है. पर क्‍या हो अगर आसमान में अचानक कोई बम फट जाए… ? एक नई स्टडी चेतावनी दे रही है कि अगर काफी ऊंचाई पर एक भी न्यूक्लियर बम फट जाए, तो लो-अर्थ ऑर्बिट के लगभग सारे सैटेलाइट खराब हो सकते हैं और एक महीने के अंदर लगभग सभी बंद हो जाएंगे.

अमेरिका और सोवियत संघ ने क‍िए थे व‍िस्‍फोट
अगर आप सोच रहे हैं कि ये बस एक ‘संभावना’ है और ये स्‍टडी दूर की कौड़ी है तो ऐसा नहीं है. ‘साइंस अलर्ट’ की रिपोर्ट बताती है कि स्पेस में न्यूक्लियर बम पहले भी फट चुके हैं. कोल्ड वॉर के दौरान अमेरिका और सोवियत संघ ने 18 हाई-एल्टीट्यूड न्यूक्लियर विस्फोट किए थे. ये धरती के ऊपरी वायुमंडल से लेकर स्पेस तक हुए थे. इनमें सबसे बड़ा विस्‍फोट था स्टारफिश प्राइम. 1962 में प्रशांत महासागर के ऊपर 400 किलोमीटर की ऊंचाई पर 1.4 मेगाटन का न्यूक्लियर वारहेड फोड़ा गया था. इस विस्फोट के असर से उस वक्त कई सैटेलाइट खराब हो गए थे. एक साल बाद अमेरिका और सोवियत संघ ने ‘पार्शियल न्‍यूक्‍लीयर टेस्‍ट बैन ट्रीटी’ के तहत जमीन के ऊपर के सारे न्यूक्लियर टेस्ट बंद करने पर सहमति जताई.

उस समय भले ही दोनों देशों ने इसे बंद तो कर द‍िया. लेकिन डर है कि आज जो दुनियाभर में युद्ध और व‍िद्रोह के हालात हैं, ऐसे में आज अगर स्टारफिश प्राइम से कम ताकत वाला वारहेड भी लो-अर्थ ऑर्बिट में फटे, तो बहुत बड़ा नुकसान हो सकता है.

साउथ अटलांटिक पर परीक्षण
सैटेलाइटों के व‍िस्‍फोट में उड़ने की यह गणना विस्कॉन्सिन-मैडिसन यूनिवर्सिटी और प्रिंसटन यूनिवर्सिटी के शोधकर्ताओं ने की है. उनकी स्टडी (जो अभी तक पीयर-रिव्यू नहीं हुई है) में उन्होंने दक्षिण अटलांटिक के ऊपर 500 किलोमीटर की ऊंचाई पर 1 मेगाटन के न्यूक्लियर विस्फोट का सिमुलेशन किया. ये जगह साउथ अटलांटिक एनोमली के पास है, जहां धरती का चुंबकीय क्षेत्र असामान्य रूप से कमजोर है. वहां की स्थितियां विस्फोट के बाद असर को और बढ़ा देंगी. रेडियोएक्टिव पार्टिकल्स स्पेस में फंस जाएंगे और सैटेलाइट जब वहां से गुजरेंगे, तो बार-बार एक्सपोज होंगे. स्टारफिश प्राइम के बाद भी ऐसा ही हुआ था.

‘साइंस अलर्ट’ की र‍िपोर्ट बताती है कि शोधकर्ताओं ने अपने पेपर में लिखा है, ‘रेडियोएक्टिव फिशन-प्रोडक्ट के सड़ने से निकले इलेक्ट्रॉन धरती के चुंबकीय क्षेत्र में फंस गए और एक नकली रेडिएशन बेल्ट बना दी, जिसने सैटेलाइट को नुकसान पहुंचाया. तुरंत होने वाले विस्फोट के उलट, ये फंसी हुई बेल्ट सैटेलाइट को बार-बार एक्सपोज करती है क्योंकि वे उसके अंदर से गुजरते रहते हैं. आज अगर ऐसा ही कुछ हो, तो ये बहुत ज्यादा घने सैटेलाइट वाले माहौल में होगा.’

प्रोटेक्‍शन के बाद भी 99 प्रतिशत सैटेलाइट होंगे खराब
शोधकर्ताओं के सिमुलेशन में (जिसमें इस साल जनवरी तक लो-अर्थ ऑर्बिट में सक्रिय 13,300 सैटेलाइट शामिल थे) साउथ अटलांटिक एनोमली के इलाके में न्यूक्लियर विस्फोट होने पर एक दिन बाद 25 प्रतिशत सैटेलाइट खराब हो जाएंगे. तीसरे दिन के अंत तक 78 प्रतिशत, एक हफ्ते बाद 98 प्रतिशत और 15वें दिन तक 99.4 प्रतिशत सैटेलाइट बंद हो जाएंगे. अगर सैटेलाइट को मजबूत रेडिएशन प्रोटेक्शन भी दे दिया जाए, तब भी 30 दिनों के अंदर 99.3 प्रतिशत सैटेलाइट खराब हो जाएंगे. अगर बहुत कम ताकत वाला 100 किलोटन वारहेड फोड़ा जाए, तो 99 प्रतिशत सैटेलाइट को खराब होने में एक साल लगेगा.

अंतर‍िक्ष मलबा भी होगा बड़ी परेशानी
इस घटना से रेडिएशन ही अकेला खतरा नहीं है. जैसे ही विस्फोट होता है और पहले सैटेलाइट अपना कंट्रोल खो देते हैं, स्पेस में टक्कर का खतरा बढ़ जाता है. शोधकर्ताओं का अनुमान है कि पहले दो साल में करीब 20 टक्करें होंगी. 10 साल बाद इन टक्करों से करीब 3,900 नए स्पेस जंक के टुकड़े धरती के चारों तरफ घूमने लगेंगे. ‘लंबे समय तक रहने वाले ऑब्जेक्ट्स के बीच लगातार टक्करें डेब्रिस पैदा करती रहेंगी. सिम्युलेटेड दशक के बाद भी ये जारी रह सकता है. सदी के पैमाने पर धीरे-धीरे बढ़कर रनअवे ग्रोथ भी हो सकती है.’ वे ये भी कहते हैं कि इस आपदा के बाद नए सैटेलाइट भेजना भी काफी रिस्‍की होगा.

न्यूक्लियर पॉलिसी रिसर्चर जेम्स मैककीन ने ऑनलाइन पोस्ट में इस पूर खतरे के बारे में बस एक लाइन में ल‍िखा है, ‘ये बुरा होगा. बहुत बुरा. बहुत-बहुत बुरा. हमें हर संभव कोशिश करनी चाहिए कि ये कभी न हो.’

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X