उमरिया:तीन दिन से लापता युवक का डैम में मिला शव, गांव में मचा हड़कंप – Missing Man’s Body Found Floating In Dam After Three Days In Umaria
November 12, 2026

तीन दिन से लापता युवक का डैम में मिला शव, गांव में मचा हड़कंप
विस्तार
उमरिया जिले के इंदवार थाना क्षेत्र अंतर्गत अमरपुर चौकी के ग्राम देवगवां में गुरुवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव के समीप स्थित डैम में एक युवक का शव पानी में दिखाई दिया। शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। मृतक की पहचान 32 वर्षीय नंदीलाल पिता सौखी कोल निवासी ग्राम देवगवां के रूप में हुई है। युवक पिछले तीन दिनों से लापता था। उसकी तलाश में परिजन और ग्रामीण लगातार जुटे हुए थे। जिस युवक को परिवार के लोग तलाश रहे थे, गुरुवार सुबह उसका शव डैम में मिलने से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
9 नवंबर को घर से निकला, फिर नहीं लौटा
प्राप्त जानकारी के अनुसार नंदीलाल ग्राम देवगवां के मोहल्ला बरिहाई में हनुमान मंदिर के पीछे रहता था। बीते 9 नवंबर को वह अपने घर से निकला था, लेकिन देर तक वापस नहीं लौटा। शुरुआत में परिजनों ने अपने स्तर पर उसकी तलाश की। रिश्तेदारों और आसपास के लोगों से भी युवक के संबंध में जानकारी जुटाई गई, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को उसकी गुमशुदगी की सूचना दी थी।
ये भी पढ़ें- होमगार्ड डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट तीन हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार, उज्जैन लोकायुक्त ने रंगे हाथों दबोचा
युवक के अचानक लापता होने से परिवार के लोग चिंतित थे। तीन दिनों तक परिजन और ग्रामीण आसपास के क्षेत्रों में उसकी तलाश करते रहे। हर गुजरते दिन के साथ परिवार की चिंता बढ़ती जा रही थी। उन्हें उम्मीद थी कि नंदीलाल सुरक्षित मिल जाएगा, लेकिन गुरुवार सुबह डैम में उसका शव मिलने की सूचना ने परिवार की उम्मीदों को गहरे दुख में बदल दिया।
डैम में शव दिखने पर पुलिस को दी सूचना
गुरुवार सुबह गांव के पास स्थित डैम में ग्रामीणों ने एक युवक का शव पानी में तैरता देखा। इसकी जानकारी मिलते ही गांव में हलचल मच गई और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर अमरपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू की। शव की पहचान नंदीलाल के रूप में होने के बाद परिजनों को भी घटना की जानकारी दी गई।
मौत की वजह जांच के बाद होगी स्पष्ट
अमरपुर चौकी प्रभारी अभिलाष सिंह ने बताया कि ग्राम देवगवां के डैम में युवक का शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। युवक 9 नवंबर से लापता था। उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई और वह डैम तक कैसे पहुंचा, इन सवालों का जवाब जांच के बाद ही सामने आ सकेगा।
