Ghaziabad News:दिवाली के बाद मधुमेह के मरीजों की बढ़ी परेशानी, 30 फीसदी बढ़े मरीज – Diwali Leads To Increased Difficulties For Diabetes Patients; Number Of Cases Rise
गाजियाबाद। दिवाली पर मिठाइयों और पकवानों का स्वाद अब मधुमेह के मरीजों की सेहत पर भारी पड़ने लगा है। त्योहार के दौरान खानपान में लापरवाही, नियमित कसरत से दूरी और बढ़ते वायु प्रदूषण के कारण मरीजों की परेशानी बढ़ गई है। कई मरीजों का रक्त में शर्करा का स्तर अनियंत्रित हो रहा है। इसका असर अस्पतालों की ओपीडी में भी दिखाई देने लगा है।
एमएमजी अस्पताल में पिछले तीन दिनों के भीतर मधुमेह से संबंधित परेशानी लेकर पहुंचने वाले मरीजों की संख्या में करीब 30 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। चिकित्सकों के अनुसार त्योहार के बाद खानपान और दिनचर्या में लापरवाही बरतना मरीजों के लिए नुकसानदायक साबित हो सकता है। चिकित्सकों का कहना है कि दिवाली के दौरान लोग नियमित दवाइयां लेने और समय पर भोजन करने में भी लापरवाही कर देते हैं। मिठाइयों, नमकीन और तले हुए खाद्य पदार्थों का अधिक सेवन शरीर में शर्करा का स्तर बढ़ा सकता है। वहीं, प्रदूषण के कारण शरीर में सूजन और तनाव बढ़ने से भी मधुमेह को नियंत्रित करना मुश्किल हो सकता है। ऐसे में पहले से मधुमेह से पीड़ित लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
छह से आठ घंटे की नींद भी जरूरी
संयुक्त अस्पताल के फिजिशियन डॉ. एमएल अग्रवाल ने बताया कि त्योहार के दौरान खानपान में बदलाव, अधिक कैलोरी वाले खाद्य पदार्थों का सेवन और शारीरिक गतिविधियां कम होने से मधुमेह के मरीजों का शुगर स्तर प्रभावित हो सकता है। प्रदूषण भी शरीर पर अतिरिक्त दबाव डालता है। मरीजों को नियमित दवाइयां लेने के साथ रक्त में शर्करा की जांच कराते रहना चाहिए। परेशानी महसूस होने पर चिकित्सक से परामर्श लेना जरूरी है। खानपान में सावधानी के अलावा छह से आठ घंटे की नींद भी जरूरी है।
मधुमेह नियंत्रण के लिए पांच एस के पालन जरूरी
आईएमए गाजियाबाद के अध्यक्ष डॉ. प्रह्लाद चावला का का कहना है कि मधुमेह यानी डायबिटीज को नियंत्रित रखने के लिए 5 एस का मंत्र जागरूकता और जीवनशैली में सुधार के रूप में अपनाया जा सकता है। डॉ. प्रह्लाद के अनुसार
संतुलित (संतुलित आहार): कम चीनी, कम वसा और पौष्टिक भोजन लें।
सक्रिय (शारीरिक सक्रियता): रोजाना टहलें और नियमित व्यायाम करें।
समय (समय पर भोजन): भोजन और दवाइयों का समय नियमित रखें।
स्वास्थ्य जांच (शुगर की निगरानी): नियमित रक्त शर्करा और एचबीए1सी की जांच कराएं।
संयम (अनुशासन): मिठाइयों, तंबाकू, शराब और अनियमित दिनचर्या से बचें।
मधुमेह बढ़ने के कारण
मिठाइयों का अधिक सेवन: चीनी और घी से बनी मिठाइयां खाने से रक्त में शर्करा का स्तर तेजी से बढ़ सकता है।
तली हुई चीजें खाना : अधिक वसा और कैलोरी वाले पकवान वजन और इंसुलिन प्रतिरोध बढ़ा सकते हैं।
कसरत नहीं करना : त्योहार के दौरान टहलना और व्यायाम बंद करने से शर्करा नियंत्रित रखने में परेशानी होती है।
दवाइयों में लापरवाही : समय पर दवा और इंसुलिन नहीं लेने से शुगर का स्तर बिगड़ सकता है।
वायु प्रदूषण : प्रदूषण के संपर्क में रहने से शरीर में सूजन और तनाव बढ़ सकता है, जिससे मधुमेह नियंत्रण प्रभावित हो सकता है।
