ब्रह्मांड में चमत्कार: वैज्ञानिकों के देखते-देखते ओझल हो गया बृहस्पति जैसा विशाल ग्रह
ब्रह्मांड में गजब चमत्कार: देखते ही देखते ओझल हो गया बृहस्पति जितना बड़ा ग्रह
Last Updated:
खगोलविदों ने पहली बार एक विशालकाय एक्सोप्लैनेट ‘TOI-2535 b’ को धरती की नजरों से गायब होते देखा है. पृथ्वी से लगभग 1,000 प्रकाश वर्ष दूर स्थित यह ‘हॉट जूपिटर’ अपने किसी बहुत करीबी पड़ोसी ग्रह के गुरुत्वाकर्षण खिंचाव के कारण अपनी कक्षा (ऑर्बिट) से डगमगा गया है. यह अब 30 से 50 साल बाद दोबारा नजर आएगा.
ऊपर: हबल और स्पिट्जर स्पेस टेलीस्कोप का इस्तेमाल करके स्टडी किए गए 10 ‘हॉट जुपिटर’ एक्सोप्लैनेट्स की एक कलात्मक कल्पना. ऊपर की पंक्ति में, बाईं ओर से: WASP-12b, WASP-6b, WASP-31b, WASP-39b और HD 189733. नीचे की पंक्ति में, बाईं ओर से: HAT-P-12b, WASP-17b, WASP-19b, HAT-P-1b और HD 209458b. (Image Credit: NASA / ESA)
नई दिल्ली: पृथ्वी से लगभग 1,000 प्रकाश वर्ष दूर मौजूद एक विशालकाय एक्सोप्लैनेट अचानक गायब हो गया है. ऐसे ग्रहों को ‘हॉट जुपिटर’ कहा जाता है. ‘गायब होने’ का मतलब यह नहीं कि यह ग्रह अंतरिक्ष के खालीपन में भाप बनकर उड़ गया है. असल में यह अपने एक पड़ोसी ग्रह के ताकतवर गुरुत्वाकर्षण के कारण अपनी कक्षा (ऑर्बिट) से भटक गया है. इस अजीबोगरीब घटना की डिटेल ‘एस्ट्रोफिजिकल जर्नल लेटर्स’ में पब्लिश एक रिसर्च में दी गई है. यह रिसर्च नासा के TESS (ट्रांजिटिंग एक्सोप्लैनेट सर्वे सैटेलाइट) टेलीस्कोप के डेटा पर टिकी है.
कैसे शुरू हुई इस ग्रह की खोज?
खगोलविदों ने अप्रैल 2019 में पहली बार TESS टेलीस्कोप की मदद से TOI-2535 b नाम के इस ग्रह पर नजर डाली थी. यह टेलीस्कोप तारों की रोशनी में होने वाले बारीक बदलावों को नोटिस करता है. जब कोई ग्रह अपने तारे के सामने से गुजरता है, तो तारे की रोशनी थोड़ी कम हो जाती है. इसे धरती से आसानी से रिकॉर्ड किया जा सकता है. यह ग्रह आकार में हमारे सौर मंडल के सबसे बड़े ग्रह बृहस्पति जैसा है. यह अपने तारे के इतना करीब है कि इसे एक चक्कर पूरा करने में सिर्फ 8.25 दिन लगते हैं.
अचानक कैसे ओझल हो गया ग्रह?
वैज्ञानिकों ने 7 साल तक TESS टेलीस्कोप से इस ग्रह की हर हलचल को रिकॉर्ड किया. उन्होंने ध्यान दिया कि यह हॉट जूपिटर दूसरे ग्रहों की तरह फिक्स टाइम पर अपने तारे के सामने से नहीं गुजर रहा था. इसकी टाइमिंग में 6 घंटे तक का अंतर आ रहा था. समय के साथ-साथ तारे के सामने से इसका गुजरना और भी कम होने लगा. फिर इस साल मार्च में TESS टेलीस्कोप के स्कैन के दौरान TOI-2535 b अचानक दिखना ही बंद हो गया.
आखिर कहां छिप गया TOI-2535 b?
रिसर्च टीम का मानना है कि यह हॉट जूपिटर अपने सिस्टम में अकेला नहीं है. इसके ठीक बगल में गैस का एक और विशाल ग्रह मौजूद है. इस पड़ोसी ग्रह की ऑर्बिट थोड़ी तिरछी है. दोनों ग्रह एक-दूसरे के इतने करीब हैं कि उनका गुरुत्वाकर्षण उन्हें लट्टू की तरह डगमगाने पर मजबूर कर रहा है. इसी खिंचाव ने TOI-2535 b को उसके रास्ते से इतना भटका दिया कि वह धरती के एंगल से बाहर हो गया.
कैलिफोर्निया यूनिवर्सिटी के खगोलशास्त्री सैमुअल यी ने इसे अब तक का सबसे हैरान करने वाला मामला बताया है. उन्होंने कहा, ‘इस ग्रह की ऑर्बिट इतनी तेजी से झुकी कि वह हमारे देखते ही देखते गायब हो गया.’
वैज्ञानिकों का अनुमान है कि अब यह ग्रह अगले 30 से 50 सालों तक अपने तारे के सामने से नहीं गुजरेगा. इस वजह से धरती से इसका नजर आना फिलहाल मुमकिन नहीं है.

दीपक वर्मा की गिनती डिजिटल मीडिया के सबसे तेज और उभरते हुए चेहरों में होती है. वह न्यूज18 हिंदी के साथ डिप्टी न्यूज एडिटर के तौर पर जुड़े हैं. दीपक ने अपने करियर में कई बड़े मुकाम हासिल किए हैं…
और पढ़ें
खबरें पढ़ने का बेहतरीन अनुभव
QR स्कैन करें, डाउनलोड करें News18 ऐप या वेबसाइट पर जारी रखने के लिए यहां क्लिक करें
login
