Bulandshahar News:भाईदूज पर जिलेभर की सड़कों पर रेंगते रहे वाहन, जाम के झाम में छूटा बहनों का शुभ मुहूर्त – On Bhai Dooj, Vehicles Crawled Across Roads Throughout The District; Caught In The Gridlock, Sisters Missed Their Auspicious Time For The Ritual
बुलंदशहर। भाईदूज पर सड़कों पर लगे भीषण जाम ने त्योहार की मिठास में खलल डाल दिया। भाइयों के माथे पर तिलक लगाने निकलीं बहनों को घंटों जाम से जूझना पड़ा। जिला मुख्यालय से लेकर खुर्जा, सिकंदराबाद, डिबाई, अनूपशहर और स्याना तक हर प्रमुख मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। स्थिति यह रही कि कुछ किलोमीटर का सफर तय करने में लोगों को घंटों लग गए। इससे कई बहनों को भाइयों के घर पहुंचने में काफी देरी हुई और शुभ मुहूर्त निकल गया।
पर्व के चलते सुबह आठ बजे से ही जिले भर के मार्गों और चौराहों पर वाहनों का भारी दबाव शुरू हो गया था। बुलंदशहर नगर के भूड़ चौराहा, काला आम, दिल्ली रोड और अनूपशहर बस अड्डे पर दिनभर वाहन रेंग-रेंगकर चले। भारी संख्या में दोपहिया और चार पहिया वाहनों के साथ ई-रिक्शों की अनियंत्रित आवाजाही ने जाम को और विकराल बना दिया।
भूड़ चौराहे से ई-रिक्शा में बैठी रामवती ने बताया कि वह दिल्ली से आ रही हैं, पहले दादरी अंदर और फिर सिकंदराबाद में जाम से जूझना पड़ा। अब यहां से साठा में अपने भाई के घर पहुंचने में समय लग रहा है। कालाआम चौराहे पर ई-रिक्शा में बैठी बिंदु, सावित्री और रेखा ने बताया कि वह अलीगढ़, नोएडा और दिल्ली से आए हैं, उन्हें स्याना अड्डा, आवास विकास द्वितीय में जाना है। पहले बसों में जाम का सामना करना पड़ा। अब ई-रिक्शा में भी जाम झेलना पड़ रहा है। इसलिए भाई को राखी बांधने का मुहूर्त निकल गया।
खुर्जा नगर के जेवर अड्डा चौराहा, जीटी रोड, जंक्शन मार्ग, सुभाष रोड और तेलियाघाट पर सुबह से देर शाम तक भीषण जाम रहा। सिकंदराबाद में जीटी रोड और दादरी तिराहे पर वाहनों की कतारें दूर तक पहुंच गईं। उधर, गंगा स्नान और त्योहार के दोहरे दबाव के कारण अनूपशहर मार्ग पर अलीगढ़ चुंगी और मुख्य बस अड्डे के पास वाहन फंसे रहे।
डिबाई के मुख्य बाजार और रेलवे क्रॉसिंग के पास रुक-रुककर लंबा जाम लगता रहा, जबकि स्याना नगर के बस स्टैंड और गुलावठी तिराहे पर भी यात्रियों को भारी असुविधा झेलनी पड़ी। चौराहों और भीड़भाड़ वाले संवेदनशील स्थानों पर यातायात पुलिस और सिविल पुलिस के जवान व्यवस्था संभालते रहे। कई स्थानों पर जाम को खुलवाने के लिए पुलिसकर्मियों को पसीना बहाना पड़ा।
कोट…
भाईदूज के पावन पर्व पर जिले के प्रमुख मार्गों पर सामान्य दिनों की तुलना में वाहनों का दबाव चार से पांच गुना अधिक रहा। श्रद्धालुओं व बहनों को गंतव्य तक सुरक्षित और सुगम रूप से पहुंचाने के लिए पूरे जिले में यातायात पुलिस और अतिरिक्त बल की तैनाती की गई थी। प्रमुख चौराहों पर मोर्चा संभाला। अत्यधिक दबाव के बावजूद पुलिसकर्मियों ने मुस्तैदी से काम करते हुए किसी भी मार्ग पर स्थायी गतिरोध नहीं बनने दिया और लगातार वाहनों की निकासी सुनिश्चित कराई गई। – शोभित कुमार, सीओ ट्रैफिक, बुलंदशहर

भूड़ से अलीगढ़ रोड पर लगे जाम में फंसी एंबुलेंस। संवाद
