Ghazipur News:छठ पूजा की तैयारी में लगी महिला पर गिरी कच्ची दीवार, मौत – Woman Preparing For Chhath Puja Dies After A Mud Wall Collapses On Her
करंडा। थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर ग्राम पंचायत के अमवा गांव में बृहस्पतिवार की दोपहर छठ पूजा की तैयारी के लिए घर में सफाई कर रहीं विमला देवी (45) पर कच्ची दीवार गिर गई। मलबे में दबने से उनकी मौत हो गई।
थानाध्यक्ष संतोष कुमार पाठक ने बताया कि ग्राम प्रशासक राजेश सिंह गुड्डू ने जानकारी दी कि अमवा गांव निवासी विमला देवी (45) छठ पूजा की तैयारी के दौरान घर में सफाई कर रही थीं। इस दौरान उनपर कच्ची दीवार गिर गई। महिला के पति रमाशंकर यादव खेती-किसानी करते हैं। विमला देवी के दो बेटे कृष्णा और आयुष तथा दो बेटियां सोनम और साक्षी हैं। मां की मौत से बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। विमला देवी की बड़ी बेटी सोनम की शादी आगामी दो दिसंबर को तय है। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन इस हादसे ने परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं।
थानाध्यक्ष प्रभारी संतोष कुमार पाठक ने बताया कि घटनास्थल की जांच कराई जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
