शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
अयोध्या

Ayodhya News:अमृत सरोवर की चमक पर झाड़ियों ने फेरा पानी – Bushes Cast A Shadow Over The Splendor Of The Amrit Sarovar

November 13, 2026


पूरा बाजार। गांवों में जल संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विकसित किए गए अमृत सरोवर बदहाल हैं। राजेपुर ग्राम पंचायत में सुंदरीकरण और पौधरोपण के बावजूद जगह-जगह उगी झाड़ियों और गंदगी ने इसकी सूरत बिगाड़ दी है।

मनरेगा के तहत सात जून 2022 को पूराबाजार के राजेपुर में अमृत सरोवर का निर्माण शुरू हुआ था। तालाब के विकास और सुंदरीकरण के साथ पौधरोपण कर परिसर को व्यवस्थित करने की योजना थी, लेकिन कुछ समय बाद ही इसकी देखरेख बंद हो गई। पौधों की देखभाल, झाड़ियों की कटाई और नियमित सफाई नहीं होने से परिसर बदहाल हो गया है। यहां बना चकरोड भी गायब हो चुका है। तालाब में मामूली पानी बचा है। ग्रामीण तालाब के ऊपर की जगह पर उपले पाथ रहे हैं। इससे जल संरक्षण के उद्देश्य से विकसित किए गए सरोवर की उपयोगिता पर भी सवाल उठ रहे हैं।

शिलापट और ध्वजारोहण स्थल भी बदहाल

स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. कामता सिंह शायर के नाम से बने अमृत सरोवर का शिलापट भी बदहाल हो चुका है। ध्वजारोहण के लिए बनाया गया स्थल भी क्षतिग्रस्त है। सड़क दुरुस्त नहीं होने और झाड़ियों के कारण यहां टहलना तो दूर, पहुंचना भी मुश्किल है। ग्रामीणों के अनुसार लंबे समय से सरोवर की यही स्थिति बनी हुई है, लेकिन जिम्मेदारों का ध्यान इस ओर नहीं जा रहा है।

बुनियादी जरूरतों की भी अनदेखी

अमृत सरोवर योजना का उद्देश्य तालाबों को जल संचयन के स्थायी केंद्र के रूप में विकसित करना है। इसके लिए नियमित सफाई, जल स्रोतों का संरक्षण और आसपास हरियाली बनाए रखना जरूरी है। राजेपुर में इन बुनियादी जरूरतों की अनदेखी हो रही है। झाड़ियों के बीच पौधरोपण का उद्देश्य भी पूरा होता नहीं दिख रहा है। बारिश के पानी के संचयन और तालाब की उपयोगिता को लेकर भी मौजूदा स्थिति सवाल खड़े कर रही है।

अमृत सरोवरों की बदहाली का मामला संज्ञान में आया है। जल्द ही जांच कराकर उचित कार्रवाई की जाएगी। इसकी देखरेख और निगरानी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

अनुराग सिंह, खंड विकास अधिकारी, पूराबाजार

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X