Sonipat News:मनाली के पांच दिवसीय साहसिक शिविर के लिए 14 स्कूलों के 90 विद्यार्थी रवाना – 90 Students From 14 Schools Set Off For A Five-day Adventure Camp In Manali
– 44 छात्राओं और 46 छात्रों सहित 96 सदस्यीय दल को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
फोटो 20: साेनीपत बस अड्डे पर मनाली के पांच दिवसीय साहसिक शिविर के लिए रवाना होते विद्यार्थी। स्रोत: शिक्षा विभाग
संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। समग्र शिक्षा, हरियाणा के तहत जिले के 14 राजकीय विद्यालयों के 90 विद्यार्थी पांच दिवसीय साहसिक शिविर में भाग लेने के लिए वीरवार को हिमाचल प्रदेश के मनाली रवाना हुए। बस अड्डे से रवाना हुए 96 सदस्यीय दल में 44 छात्राएं और 46 छात्र शामिल हैं। हरी झंडी दिखाकर दल को रवाना किया।
जिला परियोजना समन्वयक (डीपीसी) कृष्णा खत्री ने कहा कि सरकार की ओर से प्रतिभावान विद्यार्थियों को साहसिक शिविरों में भाग लेने के अवसर उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। ऐसे शिविर विद्यार्थियों को प्रकृति को करीब से जानने और समझने का मौका देते हैं। पहाड़ों की वादियों में रहकर विद्यार्थी पर्यावरण संरक्षण का महत्व भी सीखेंगे।
उन्होंने विद्यार्थियों से शिविर के दौरान अनुशासन बनाए रखने और सभी गतिविधियों में उत्साह के साथ भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रकृति के बीच रहकर नए अनुभव हासिल करने के साथ साहसिक गतिविधियों से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सामूहिक भावना का विकास होगा। शिविर के दौरान दल का मार्गदर्शन सतीश कुमार करेंगे। इस मौके पर एसपीसी डॉ. अतर सिंह, अमित भनवाला और वाईईसी जिला समन्वयक पवन सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
