शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
बाराबंकी

Barabanki News:संदिग्ध हालात में युवक की मौत, पत्नी ने लगाया हत्या का आरोप – Youth Dies Under Suspicious Circumstances; Wife Alleges Murder

November 13, 2026


कोटवाधाम। भयकपुरवा मजरे सनावा गांव में बुधवार सुबह सर्वेश कुमार (42) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उनकी पत्नी रसकला करीब 10 दिन पहले दिवाली मनाने के लिए तीन बच्चों के साथ मायके बिबियापुर गई थीं। उनके अनुसार, बुधवार सुबह मोबाइल पर अज्ञात नंबर से कॉल आई, जिसमें पति की मौत की सूचना दी गई।

वह परिजनों के साथ ससुराल पहुंचीं तो वहां अंतिम संस्कार की तैयारी चल रही थी। रसकला का आरोप है कि पति के गले पर और सिर पर चोट के निशान थे। इससे उन्हें पति की हत्या का शक हुआ। उन्होंने पुलिस को सूचना देने की बात कही, लेकिन ससुराल वालों ने उनकी बात नहीं मानी और आनन-फानन शव का अंतिम संस्कार कर दिया। देर शाम उन्होंने टिकैतनगर थाने पहुंचकर शिकायत की। पुलिस गांव पहुंची और मृतक के पिता को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। हालांकि, बाद में उन्हें छोड़ दिया गया।

बृहस्पतिवार को रसकला ने एसपी से शिकायत कर पति की हत्या का आरोप लगाया और कार्रवाई की मांग की। वहीं, मृतक के पिता मंगल रावत, जो गांव के कोटेदार भी हैं, का कहना है कि उनके बेटे को मिर्गी की बीमारी थी और आए दिन दौरे पड़ते थे। रात में बेटे का शव चैनल वाले दरवाजे में फंसा हुआ था। इसी वजह से उसकी मौत हुई। सर्वेश कुमार के परिवार में पुत्र विशाल (12), बेटी शांति (9) व चांदनी (5) है। पत्नी ने चार ससुरालजन पर धमकाने का आरोप भी लगाया है।

सीओ रामसनेहीघाट सौरभ श्रीवास्तव ने बताया कि शिकायत मिली है। गांव के अन्य लोगों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X