शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
पॉपकॉर्न पर विवाद:सिनेमा हॉल में सॉफ्टवेयर इंजीनियर पर कृपाण से हमला, आईसीयू में भर्ती; देखें वीडियो – Dispute Over Popcorn Software Engineer Attacked With Kirpan In Cinema Hall In  Dabwali Icu
सिरसा

पॉपकॉर्न पर विवाद:सिनेमा हॉल में सॉफ्टवेयर इंजीनियर पर कृपाण से हमला, आईसीयू में भर्ती; देखें वीडियो – Dispute Over Popcorn Software Engineer Attacked With Kirpan In Cinema Hall In  Dabwali Icu

November 13, 2026


डबवाली के नजदीकी गांव डूमवाली स्थित सेंचुरी सिटी सिनेमा में पॉपकॉर्न को लेकर हुआ मामूली विवाद खूनी झगड़े में बदल गया। फिल्म देखने पहुंचे दो पक्षों के बीच हुई कहासुनी के बाद एक युवक पर कथित तौर पर कृपाण से हमला कर दिया गया।

हमले में गंभीर रूप से घायल युवक मेहर मिड्ढा को बठिंडा के मैक्स अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां वह आईसीयू में उपचाराधीन है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। मेहर बंगलूरू में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के पद पर कार्यरत है। 

जानकारी के अनुसार, डबवाली के वार्ड नंबर-11 निवासी विजय मिड्ढा उर्फ निक्का का परिवार रात को डूमवाली गांव स्थित सेंचुरी सिटी सिनेमा में फिल्म देखने गया था। इसी दौरान सिनेमा हॉल में पॉपकॉर्न को लेकर मेहर मिड्ढा और वहां पॉपकॉर्न बेचने वाले कुछ लोगों के बीच कहासुनी हो गई। शुरुआत में मामूली दिखाई देने वाला विवाद देखते ही देखते बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच झगड़ा शुरू हो गया।

पीड़ित परिवार के आरोपों के मुताबिक, पॉपकॉर्न बेचने वाले कुछ लोगों ने मेहर के साथ बहस शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने कथित तौर पर कृपाण से मेहर पर हमला कर दिया। इस हमले में उसके हाथ पर गंभीर चोट आई। अचानक हुई इस घटना से सिनेमा हॉल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घायल मेहर को तुरंत बठिंडा के मैक्स अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।

दिवाली पर घर आया था 

मेहर के पिता विजय मिड्ढा उर्फ निक्का ने बताया कि उनका बेटा बंगलूरू में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में काम करता है। वह दिवाली पर 7 नवंबर को ही घर आया था। परिवार के साथ फिल्म देखने जाने के दौरान यह घटना हो गई। परिवार ने इस मामले में पथराला पुलिस चौकी में शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

युवक बयान देने की स्थिति में नहीं : चौकी प्रभारी

पथराला पुलिस चौकी के प्रभारी धर्मवीर सिंह ने बताया कि घायल युवक की हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने फिलहाल उसे बयान देने के लिए सक्षम नहीं बताया है। पुलिस युवक के बयान दर्ज होने का इंतजार कर रही है। उसका बयान सामने आने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

चौकी प्रभारी ने बताया कि सिनेमा हॉल से भी घटना के संबंध में जानकारी जुटाई जाएगी और वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की पड़ताल कर रही है। अब जांच और घायल युवक के बयान के बाद ही झगड़े की पूरी वजह और हमले में शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X