शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Jind News:राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस अभियान शुरू, पहले दिन 95 प्रतिशत से अधिक लक्ष्य हासिल – National Deworming Day Campaign Launched
जींद

Jind News:राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस अभियान शुरू, पहले दिन 95 प्रतिशत से अधिक लक्ष्य हासिल – National Deworming Day Campaign Launched

November 13, 2026


जींद। बच्चों और महिलाओं को पेट के कीड़ों से होने वाली बीमारियों और एनीमिया से बचाने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से वीरवार को जिले में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस (एनडीडी) अभियान की शुरुआत की गई।

राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में सिविल सर्जन डॉ. सुमन कोहली ने छात्राओं को कृमि मुक्ति दवा खिलाकर अभियान का शुभारंभ किया। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, अभियान के पहले दिन निर्धारित लक्ष्य के 95 प्रतिशत से अधिक लाभार्थियों को दवा खिलाई गई।

अभियान के तहत जिले में एक से 19 वर्ष तक के बच्चों तथा 20 से 24 वर्ष आयु वर्ग की प्रजनन आयु की महिलाओं को निशुल्क एल्बेंडाजोल की गोलियां दी जा रही हैं। स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य पेट के कीड़ों से होने वाली बीमारियों की रोकथाम के साथ बच्चों और महिलाओं को एनीमिया से बचाना है।

स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि पेट में मौजूद कीड़े शरीर से खून और जरूरी पोषक तत्व ग्रहण करते हैं। इसके कारण शरीर में पोषक तत्वों की कमी और एनीमिया की समस्या हो सकती है। इसका प्रतिकूल प्रभाव बच्चों के शारीरिक विकास, स्वास्थ्य और मानसिक क्षमता पर भी पड़ता है। समय पर कृमि संक्रमण का उपचार करने से इन समस्याओं की रोकथाम में मदद मिलती है।

स्कूल हेल्थ के डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. दिनेश कुमार और आरकेएसके की डीएएचओ डॉ. पुष्पा ने बताया कि जिले में 5.10 लाख से अधिक लाभार्थियों को दवा देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इनमें स्कूली और गैर-स्कूली बच्चे तथा प्रजनन आयु वर्ग की महिलाएं शामिल हैं। उन्होंने बताया कि जो बच्चे या महिलाएं किसी कारणवश अभियान के पहले दिन दवा लेने से वंचित रह गए हैं, उन्हें 19 नवंबर तक चलने वाले मॉपअप अभियान के दौरान दवा दी जाएगी, ताकि कोई भी पात्र लाभार्थी छूटने न पाए।

इस अवसर पर स्कूल प्राचार्य अनिता सांगवान सहित अध्यापिका पुष्पलता, सीमा, सुनीता गिल, मनोज, गीता, सविता और रोशनी मौजूद रहीं।

जिले में 5,10,649 लाभार्थियों को दवा देने का लक्ष्य

जिले में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के तहत 4,73,811 स्कूली एवं गैर-स्कूली बच्चों और 36,838 प्रजनन आयु वर्ग की महिलाओं को कृमि मुक्ति दवा खिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान के पहले दिन 95 प्रतिशत से अधिक लक्ष्य हासिल कर लिया गया है। शेष लाभार्थियों को मॉपअप अभियान के दौरान कवर किया जाएगा। -डॉ. सुमन कोहली, सिविल सर्जन, जींद।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X