शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Banda News:बोआई का वक्त, डीएपी का संकट, केंद्रों पर भटक रहे किसान – Sowing Season, Dap Shortage, Farmers Left Wandering At Distribution Centers
बांदा

Banda News:बोआई का वक्त, डीएपी का संकट, केंद्रों पर भटक रहे किसान – Sowing Season, Dap Shortage, Farmers Left Wandering At Distribution Centers

November 13, 2026


– अतर्रा के तीनों केंद्रों पर नहीं मिल रही खाद

संवाद न्यूज एजेंसी

अतर्रा। रबी फसलों की बोआई का समय निकल रहा है, लेकिन किसानों को डीएपी खाद नहीं मिल रही। तहसील अतर्रा क्षेत्र में खाद का संकट गहराने से किसान एक केंद्र से दूसरे केंद्र तक चक्कर काट रहे हैं। दिवाली के बाद से डीएपी की किल्लत बढ़ गई है। कस्बे के तीनों खाद वितरण केंद्रों पर स्टॉक की स्थिति ऐसी है कि कहीं डीएपी का इंतजार है तो कहीं कई दिनों से आपूर्ति नहीं हुई। किसान घंटों भटकने के बाद खाली हाथ लौट रहे हैं।

इससे गेहूं समेत अन्य रबी फसलों की बोआई पिछड़ने की चिंता सताने लगी है। दूसरी ओर, प्रशासन खाद की पर्याप्त उपलब्धता का दावा कर रहा है, लेकिन केंद्रों के आंकड़े इस दावे से अलग तस्वीर दिखा रहे हैं। बदौसा मार्ग स्थित क्रय-विक्रय समिति पर बृहस्पतिवार को स्टॉक में 500 बोरी है। डीएपी के लिए सुबह से ही किसान केंद्रों पर पहुंच रहे हैं, लेकिन उपलब्धता न होने से उन्हें निराश लौटना पड़ा।

समिति के सचिव राम सिंह ने बताया कि केंद्र पर डीएपी का स्टॉक एक सप्ताह से नहीं है। इसके लिए चेक लगा दिया गया है। आपूर्ति होते ही वितरण शुरू किया जाएगा। इसी तरह से बी-पैक्स केंद्र पर 694 बोरी यूरिया और 250 बोरी एनपीके उपलब्ध है। यहां के सचिव रामेंद्र द्विवेदी ने बताया कि डीएपी का स्टॉक छह नवंबर को खत्म हो गया था। दो दिन में नई खेप आने की संभावना है। वहीं, मंडी परिसर स्थित पीसीएफ केंद्र पर चार नवंबर से डीएपी और एक सप्ताह से यूरिया उपलब्ध नहीं है। प्रभारी रामलखन कुशवाहा ने बताया कि खाद आने के बाद किसानों को वितरण किया जाएगा।

——

बोआई पिछड़ने की सता रही चिंता

गांव महोतरा निवासी किसान लक्ष्मी प्रसाद पांडेय ने बताया कि बोआई का समय निकलता जा रहा है। सुबह से एक केंद्र से दूसरे केंद्र तक डीएपी के लिए चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन कहीं खाद नहीं मिल रही। आखिर किसान कब तक इंतजार करें। बिना डीएपी के बोआई कैसे करें। वहीं, गुमाई निवासी किसान चुनबाद का कहना है कि केंद्रों के चक्कर काटकर थक चुके हैं। समय पर खाद नहीं मिली तो फसल की बोआई पिछड़ जाएगी।

फोटो-4- लक्ष्मी प्रसाद पांडेय। संवाद

फोटो-4- लक्ष्मी प्रसाद पांडेय। संवाद

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X