शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
बलरामपुर

Balrampur News:टीबी उन्मूलन कार्यक्रम में लापरवाही पर सुपरवाइजर का रोका वेतन – Supervisor’s Salary Withheld Over Negligence In Tb Eradication Program

November 13, 2026


बलरामपुर। टीबी उन्मूलन कार्यक्रम में लापरवाही और खराब प्रगति को लेकर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने सख्त रुख अपनाया है। बृहस्पतिवार को कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान पांच ब्लॉकों की प्रगति संतोषजनक नहीं मिलने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। वहीं, महाराजगंज तराई ब्लॉक में बेहद खराब प्रगति मिलने पर सुपरवाइजर कृपाशंकर यादव का एक माह का वेतन रोकने का आदेश दिया।

मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय में सीएमओ की अध्यक्षता में टीबी (क्षय रोग) उन्मूलन कार्यक्रम की समीक्षा बैठक हुई। इसमें निर्धारित लक्ष्यों और विभिन्न मानकों के आधार पर ब्लॉकवार प्रगति की समीक्षा की गई। इस दौरान गैंडास बुजुर्ग, गैसड़ी, तुलसीपुर, महाराजगंज तराई और पचपेड़वा ब्लॉक की उपलब्धि संतोषजनक नहीं पाई गई। इस पर सीएमओ ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा।

विशेष रूप से महाराजगंज तराई ब्लॉक की प्रगति बेहद खराब मिलने पर सीएमओ ने कड़ी कार्रवाई करते हुए संबंधित सुपरवाइजर कृपाशंकर यादव का एक माह का वेतन रोकने का आदेश दिया।

सीएमओ ने स्पष्ट कहा कि राष्ट्रीय महत्व के टीबी उन्मूलन कार्यक्रम में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी ब्लॉक निर्धारित लक्ष्यों को समय से पूरा करना सुनिश्चित करें।

बैठक में निक्षय टीम के कार्यों और प्रगति की भी समीक्षा की गई। इसके अलावा टीबी कार्यक्रम से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण मानकों पर चर्चा हुई। सीएमओ ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को कार्ययोजना तैयार कर निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने, डाटा की गुणवत्ता बनाए रखने और नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X