शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
फ़र्रुख़ाबाद

Farrukhabad News:बोरिंग मिस्त्री की गला दबाकर हत्या, शव खाली प्लॉट में फेंका – Boring Technician Strangled To Death; Body Dumped In A Vacant Plot

November 13, 2026


फोटो-26, बोरिंग मिस्त्री दीपक का फाइल फोटो।

फोटो-27, घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र करती फॉरेसिंक टीम। संवाद

– पहले युवती को गला दबा मरा समझकर छोड़ा, फिर युवक पर किया प्रहार

– घटना के बाद पिता ने ही पुलिस को फोन कर युवती के गायब होने की दी सूचना

संवाद न्यूज एजेंसी

फर्रुखाबाद/जहानगंज। क्षेत्र के गांव नगला चाहर निवासी बोरिंग मिस्त्री की प्रेम प्रसंग में गला दबाकर हत्या करने के बाद शव खाली पड़े प्लॉट में फेंक दिया गया। इससे पहले युवती का गला दबाकर मरा समझकर छोड़ दिया गया। तीन किमी दूर गांव सरवर आलमपुर में शव पड़ा होने की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच की। युवती के परिजन घर में ताला लगाकर गायब हो गए। पुलिस ने गंभीर हालत में युवती को एक अस्पताल में भर्ती कराया। बोरिंग मिस्त्री के भाई की तहरीर पर युवती के पिता सहित चार लोगों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली। पुलिस ने आरोपी पिता को दबोच लिया।

जहानगंज थाना क्षेत्र के गांव नगला चाहर निवासी दीपक वर्मा (22) बोरिंग मिस्त्री था। बुधवार शाम वह अपनी प्रेमिका से मिलने गया था। पुलिस के मुताबिक दोनों गैर बिरादरी के हैं। वहां परिजनों ने दोनों को पकड़ लिया। इस दौरान पहले युवती का गला दबाया गया। उसे मरा समझकर छोड़ दिया। इसके बाद दीपक के सिर पर पीछे से प्रहार कर गिरा दिया और उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। गांव के मुख्य मार्गों पर सीसीटीवी कैमरा लगे होने से आरोपी शव बाहर नहीं ले जा सके और गांव में ही खाली पड़े परिसर में शव डाल दिया।

सुबह जब ग्रामीण ने शव पड़ा देखा तो कुछ ही देर में भीड़ लग गई। पुलिस ने छानबीन शुरू की। उधर, सुबह करीब चार बजे पुलिस के पास एक व्यक्ति का फोन आया कि उसकी पुत्री कहीं गायब हो गई। इसी को आधार मानकर पुलिस ने युवती की तलाश शुरू की। घर में ताला लगा था। खोजबीन में युवती का पिता पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पूछताछ में पता चला कि उसने ही पुलिस को झांसा देने के लिए फोन किया था। युवती को गंभीर हालत में पुलिस ने एक अस्पताल में भर्ती कराया। इधर फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। बोरिंग मिस्त्री का मोबाइल व जूते गायब थे। बोरिंग मिस्त्री के भाई जबर सिंह की तहरीर पर पुलिस ने युवती के पिता सहित चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली। शव का पोस्टमार्टम कराया गया।

सूत्रों के अनुसार दीपक के गले में पतली रस्सी या तार कसे जाने के निशान मिले। गला दबाए जाने से दम घुटने से मौत की पुष्टि हुई। उसके सिर के पीछे किसी वजनदार वस्तु से प्रहार कर चोट पहुंचाने का निशान मिला। पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने बताया कि जांच में प्रथम दृष्टया प्रेम-प्रसंग में घटना को अंजाम देने की बात सामने आई है। पहले युवती की गला दबाकर हत्या की कोशिश की गई। इसके बाद युवक की हत्या की गई। युवती का उपचार चल रहा है। मुख्य आरोपी युवती के पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X