शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
कासगंज

Kasganj News:गोद भराई की तैयारी के बीच युवती लापता – Young Woman Goes Missing Amidst Preparations For Baby Shower

November 13, 2026


सिढ़पुरा। घर में बेटी की गोद भराई की तैयारी चल रही थी। रिश्तेदारों और मेहमानों के स्वागत की व्यवस्था हो चुकी थी, लेकिन समारोह से ठीक पहले युवती लापता हो गई। मां के साथ मेकअप कराने ब्यूटी पार्लर पहुंची 20 वर्षीय युवती के लापता होने से परिवार में खलबली मच गई। परिजन ने एक युवक पर बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की है।

थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बुधवार को उनकी बेटी की गोद भराई का कार्यक्रम होना था। इसके लिए घर में तैयारियां पूरी कर ली गई थीं। सुबह करीब 10 बजे बेटी मां के साथ अमांपुर रोड स्थित ब्यूटी पार्लर पर मेकअप कराने पहुंची थी। आरोप है कि इस दौरान अपनी मां को धक्का देकर वहां से पैदल चली गई। काफी देर तक बेटी के नहीं लौटने पर मां घर पहुंची और परिजन को पूरी जानकारी दी।

परिजन ने अपने स्तर से युवती की तलाश की तो पता चला कि गांव समौठी निवासी बृजनंदन उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। इसके बाद पिता की तहरीर पर थाना पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली। सीओ अमित कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज करके युवती की तलाश की जा रही है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X