Tehri News:टिहरी जिले में 4,69,993 हुई पंजीकृत मतदाताओं की संख्या – The Number Of Registered Voters In Tehri District Is 4,69,993
नई टिहरी। कलेक्ट्रेट सभागार में एडीएम शैलेंद्र सिंह नेगी की अध्यक्षता में विशेष पुनरीक्षण(एसआइआर) के तहत निर्वाचक नामावली के अंतिम प्रकाशन एवं दावे-आपत्तियों को लेकर राजनीतिक दल के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। ड्राफ्ट मतदाता सूची के अनुसार जिले में कुल 4,69,993 मतदाता पंजीकृत हैं। एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवाओं के पंजीकरण के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।
बताया गया कि जिले की निर्वाचक नामावली का ड्राफ्ट रोल 12 नवंबर 2026 को प्रकाशित कर दिया गया है। दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि 12 नंवबर से 11 दिसंबर 2026 तक निर्धारित है। प्राप्त दावे-आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर तक करने के बाद निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन चार जनवरी 2027 को किया जाएगा।
बैठक में बताया गया कि जिले की छह छह विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान स्थल आयोग द्वारा अनमोदित के बाद कुल 1001 मतदान स्थल निर्धारित किए गए हैं। पहले इनकी संख्या 994 थी। ड्राफ्ट मतदाता सूची के अनुसार जिले में कुल 4,69,993 मतदाता पंजीकृत हैं। उनमें 2,44,672 पुरुष, 2,25,317 महिला और चार थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त 5,270 सर्विस मतदाता हैं। बताया गया कि दावे-आपत्तियों की अवधि में नाम जोड़ने के लिए प्रारूप-6, नाम हटाने के लिए प्रारूप-7 और मतदाता विवरण में संशोधन और पता परिवर्तन करने के लिए प्रारूप-8 पर आवेदन प्राप्त किए जाएंगे। अब तक जिले में प्रारूप-6 के 3,179, प्रारूप-7 के 146 और प्रारूप-8 के 926 आवेदन प्राप्त हुए हैं।
एडीएम ने बताया कि एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवाओं और पहली बार पात्र होने वाले मतदाताओं के पंजीकरण के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। पात्र नागरिक बीएलओ, निर्वाचन कार्यालय या भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट https://www.eci.gov.in और ECINET मोबाइल ऐप के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। बैठक में भाजपा प्रतिनिधि जयेंद्र पंवार, कांग्रेस प्रतिनिधि नवीन सेमवाल और सहायक निर्वाचन अधिकारी विजय तिवारी आदि मौजूद थे।
