मैनपुरी। नन्हे क्रिकेट खिलाड़ियों को प्रतिभा दिखाने और आगे बढ़ने का अवसर देने के लिए शहर में आईपीएल की तर्ज पर रॉयल प्रीमियर लीग (आरपीएल) का आयोजन किया जा रहा है। 17 नवंबर से अंडर-16 क्रिकेट लीग का शुभारंभ होगा। प्रतियोगिता में चार फ्रेंचाइजी टीमें हिस्सा लेंगी। प्रतियोगिता के आयोजक एवं प्रशिक्षक देव यादव ने बताया कि जनपद के साथ ही आसपास के जिलों के उभरते क्रिकेट खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रॉयल प्रीमियर लीग की शुरुआत की जा रही है। छोटे शहरों और कस्बों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को क्षमता प्रदर्शित करने के पर्याप्त अवसर नहीं मिल पाते हैं। ऐसे में इस तरह की प्रतियोगिताएं उन्हें प्रतिभा निखारने और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का मौका देंगी। उन्होंने बताया कि लीग में प्रतिभाग करने वाली चारों फ्रेंचाइजी टीमों के लिए खिलाड़ियों की नीलामी प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। प्रतियोगिता के दौरान आईपीएल की तर्ज पर मुकाबले आयोजित किए जाएंगे, जिससे खिलाड़ियों को बड़े स्तर की क्रिकेट प्रतियोगिताओं जैसा अनुभव मिल सके।