Balrampur News:फार्मासिस्ट का आंदोलन तेज, सीएमओ कार्यालय में दिया धरना – Pharmacists’ Protest Intensifies; Sit-in Staged At Cmo Office
बलरामपुर। पदोन्नति, ग्रेड पे में बढ़ोतरी और नए पदों का सृजन करने समेत विभिन्न मांगों को लेकर जिले के फार्मासिस्टों ने आंदोलन शुरू कर दिया है। शुक्रवार को फार्मासिस्टों ने कार्य बहिष्कार कर सीएमओ कार्यालय परिसर में धरना दिया। जिले भर से पहुंचे फार्मासिस्ट सुबह ही पंडाल लगाकर धरने पर बैठ गए। देर शाम तक उनका प्रदर्शन जारी रहा। सीएमओ के आश्वासन के बाद फार्मासिस्टों ने धरना समाप्त कर दिया।
डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के आह्वान पर जिले के फार्मासिस्टों ने अपनी 18 सूत्री मांगों को लेकर आंदोलन शुरू किया है। आंदोलन के पहले दिन जिला अस्पताल और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर तैनात फार्मासिस्ट सुबह ही सीएमओ कार्यालय पहुंच गए। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कार्यालय परिसर में पंडाल लगाकर धरने पर बैठ गए। इस दौरान उन्होंने अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी भी की।
एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष माधव प्रसाद वर्मा ने बताया कि फार्मासिस्ट संवर्ग के कर्मचारी लंबे समय से पदोन्नति, ग्रेड पे में बढ़ोतरी, नए पदों का सृजन, रिक्त पदों पर भर्ती, औषधि परिवहन भत्ता बढ़ाने और वाहन उपलब्ध कराने के साथ ही पद का नाम बदलकर फार्मेसी अधिकारी किए जाने की मांग कर रहे हैं। इसके बावजूद उनकी मांगों को नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 13 नवंबर से प्रदेश स्तरीय पदाधिकारियों के आह्वान पर आंदोलन शुरू किया गया है। पहले दिन कार्य बहिष्कार कर धरना दिया गया। यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो 20 नवंबर को लखनऊ में प्रदेश स्तरीय आंदोलन शुरू किया जाएगा। इसमें जिले के पदाधिकारी भी शामिल होंगे। ऐसे में फार्मासिस्ट संवर्ग के अधीन स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित रहेंगी।
धरने में विजय कुमार सिंह, राम सिंगार तिवारी, हेमंत कुमार सिंह, कमलेश कुमार द्विवेदी, ओंकारमणि त्रिपाठी, धर्मेंद्र कुमार उपाध्याय, राकेश कुमार वर्मा, विजय कुमार चौधरी, बृजेश कुमार गुप्त, जय प्रकाश, श्रीकृष्ण, शिव प्रसाद जायसवाल और राम बहादुर यादव आदि मौजूद रहे।
