एमपी:वियतनाम के हनोई में बढ़ा बाग प्रिंट का मान, भारतीय पारंपरिक कला और पर्यावरण अनुकूल तकनीक की हो रही तारीफ – Mohammad Bilal And Dr. Arif Khatri Are Representing Madhya Pradesh At The
मध्यप्रदेश की पारंपरिक बाग प्रिंट कला अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी पहचान बना रही है। वियतनाम की राजधानी हनोई में 13 से 16 नवंबर तक आयोजित ग्लोबल क्राफ्ट फेस्टिवल में कुक्षी के शिल्पकार मोहम्मद बिलाल खत्री और डॉ. आरिफ खत्री बाग प्रिंट कला का प्रदर्शन कर रहे हैं। 40 से अधिक देशों के कलाकारों, शिल्पकारों और प्रतिनिधियों की मौजूदगी वाले इस आयोजन में बाग प्रिंट से तैयार उत्पादों को देखने और इस पारंपरिक कला को समझने के लिए बड़ी संख्या में कला प्रेमी पहुंच रहे हैं।
फेस्टिवल के पहले दिन दोनों शिल्पकारों ने अपनी प्रदर्शनी लगाई और बाग प्रिंट की बारीकियों के साथ इसे तैयार करने की पारंपरिक प्रक्रिया की जानकारी दी। उनके स्टॉल पर अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों, उद्योगपतियों और स्थानीय कला प्रेमियों ने पहुंचकर उत्पादों को देखा और उनकी निर्माण शैली में गहरी रुचि दिखाई।
पढ़ें: इंदौर में सड़क पर विवाद के बाद खूनी संघर्ष: रॉन्ग साइड से आ रहे युवकों ने किया चाकू से हमला, एक गिरफ्तार
बाग प्रिंट की खासियत इसमें इस्तेमाल होने वाले प्राकृतिक रंग, लोहे की भस्म, वनस्पतियां और जड़ी-बूटियां हैं। कपड़ों पर आकर्षक छपाई के लिए सागवान की लकड़ी से बने पारंपरिक ठप्पों का उपयोग किया जाता है। पारंपरिक तकनीक और पर्यावरण के अनुकूल निर्माण प्रक्रिया ही इस कला को विशिष्ट पहचान दिलाती है।
हनोई से बिलाल खत्री ने बताया कि फेस्टिवल में पारंपरिक शिल्पकारों को सम्मान मिल रहा है। 40 से अधिक देशों के प्रतिनिधियों के साथ वियतनाम के स्थानीय लोग भी बाग प्रिंट के उत्पादों और उन्हें बनाने की प्रक्रिया को करीब से समझ रहे हैं। स्थानीय लोगों और अंतरराष्ट्रीय खरीदारों की पसंद के अनुरूप तैयार किए गए उत्पादों को अच्छी सराहना मिल रही है।
वहीं, डॉ. आरिफ खत्री ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल उत्पादों की बिक्री करना नहीं, बल्कि दुनिया के सामने भारतीय हस्तशिल्प की समृद्ध परंपरा और पर्यावरण के अनुकूल निर्माण पद्धति को प्रस्तुत करना है। इस आयोजन के माध्यम से कुक्षी की बाग प्रिंट कला को वैश्विक पहचान दिलाने का अवसर मिल रहा है।
