शनिवार, 14 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
क्या एआई के हाथ में चली जाएगी दुनिया की ताकत?: Openai के बोर्ड मेंबर ने दी बड़ी चेतावनी, कही चौंकाने वाली बात – Openai Board Member Paul Christiano Warns Ai Takeover Within 3 Years; Calls Risk ‘coin Toss’
टेक्नोलॉजी

क्या एआई के हाथ में चली जाएगी दुनिया की ताकत?: Openai के बोर्ड मेंबर ने दी बड़ी चेतावनी, कही चौंकाने वाली बात – Openai Board Member Paul Christiano Warns Ai Takeover Within 3 Years; Calls Risk ‘coin Toss’

November 14, 2026


जागृति शुक्ला

Sat, 14 Nov 2026 11:55 AM IST

सार

  • एआई टेकओवर का खतरा बढ़ने की चेतावनी।
  • तीन साल में नियंत्रण खोने का जोखिम।
  • एआई दुर्घटनाओं से मौत का खतरा।
  • विशेषज्ञों ने नियमन पर भी जताई चिंता।
OpenAI Board Member Paul Christiano Warns AI Takeover Within 3 Years; Calls Risk 'Coin Toss'
प्रतीकात्मक तस्वीर – फोटो : एआई जनरेटेड

विस्तार

जहां एक तरफ एआई तेजी से विकास की नई संभावना खोल रहा है। वहीं, दूसरी ओर इसके खतरों को लेकर चिंता भी बढ़ती जा रही है। ओपनएआई फांउडेशन के बोर्ड सदस्या और एआई सुरक्षा शोधकर्ता पॉल क्रिस्टियानो ने गंभीर और चौंकाने वाली चेतावनी दी है। उनका मानना है कि आने वाले तीन वर्षों में एआई इंसानों के नियंत्रण से बाहर जा सकता है। उनके अनुसार, अगले छह से 12 महीनों में भी इस तरह की स्थिति बनने का वास्तविक जोखिम है। उन्होंने कहा कि अगर एआई को सबसे तेज रफ्तार से विकसित किया गया, तो इसके इंसानों पर नियंत्रण हासिल करने की आशंका 50-50 जैसी हो सकती है। क्रिस्टियानो ने यह भी चेताया कि एआई से जुड़ी दुर्घटनाएं भविष्य में लोगों की मौत की बड़ी वजह बन सकती हैं।

AI Takeover क्या है? जिससे डर रहे हैं विशेषज्ञ

  • ओपनएआई फाउनडेशन के बोर्ड सदस्य और एआई सुरक्षा शोधकर्ता पॉल क्रिस्टियानो ने एआई टेकओवर का मतलब ऐसी स्थिति से समझाया है, जिसमें एआई सिस्टम अपने लक्ष्य खुद तय करने और उन्हें हासिल करने के लिए फैसले लेने लगें। इस स्थिति में दुनिया से जुड़े बड़े फैसलों पर इंसानों के बजाय एआई सिस्टम का प्रभाव या नियंत्रण हो सकता है।
  • उन्होंने इसकी गंभीरता समझाते हुए कहा कि अगर इंसान ऐसे एआई सिस्टम को रोकना चाहें, तो उनकी स्थिति वैसी हो सकती है, जैसे कोई एक व्यक्ति अमेरिकी सेना को रोकने की कोशिश करे। यानी एआई इतना शक्तिशाली हो सकता है कि इंसानी संस्थाओं और सरकारों के लिए भी उसे नियंत्रित करना मुश्किल हो जाए।
  • क्रिस्टियानो के अनुसार, ऐसी स्थिति इंसानों की अपनी मर्जी से फैसले लेने की क्षमता यानी मानव स्वायत्तता के लिए बड़ा खतरा होगी। इससे बड़े पैमाने पर लोगों की जान जाने का जोखिम भी पैदा हो सकता है।

अगले छह से 12 महीने खास क्यों?

  • क्रिस्टियानो ने कहा कि एआई के विकास की मौजूदा रफ्तार को देखते हुए अगले छह से 12 महीनों में भी नियंत्रण खोने का वास्तविक जोखिम है। उनके अनुसार, पिछले तीन से छह महीनों में एआई क्षेत्र में हुई प्रगति काफी चिंताजनक रही है।
  • उन्होंने कहा कि ऐसे कई संकेत दिखाई दे चुके हैं, जो किसी बड़ी घटना से ठीक पहले देखने को मिल सकते हैं। उनके अनुसार, नीतिगत स्तर पर व्यावहारिक कदम उठाए जाने के बावजूद जोखिम काफी ऊंचा बना हुआ है।
  • हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि एआई टेकओवर की आशंका को किसी सटीक आंकड़े में बताने के लिए फिलहाल कोई भरोसेमंद गणितीय मॉडल उपलब्ध नहीं है। इसलिए इस खतरे को लेकर दिए जाने वाले प्रतिशत को विशेषज्ञों का आकलन समझें, न कि कोई भविष्यवाणी।

सबसे तेज विकास हुआ तो 50-50 हो सकता है जोखिम

  • साथ ही क्रिस्टियानो ने एआई के विकास की रफ्तार को लेकर एक गंभीर आशंका जताई। उन्होंने कहा कि अगर एआई को सबसे तेज और आसान तरीके से विकसित करने की कोशिश की गई, तो अगले तीन साल के भीतर इसके इंसानों पर नियंत्रण हासिल करने का जोखिम सिक्का उछालने जैसा हो सकता है। यानी ऐसे में 50-50 प्रतिशत रिजल्ट आ सकता है।
  • यहं पर एक बात समझना जरूरी है कि यह तुलना क्रिस्टियानो ने एआई के विकास की सबसे तेज रफ्तार वाली स्थिति को लेकर कही है। क्रिस्टियानो ने खुद कहा कि इस तरह के जोखिम का कोई सटीक गणितीय आकलन मौजूद नहीं है और आंकड़ा विशेषज्ञ की व्यक्तिगत राय को दर्शाता है।

एआई दुर्घटनाएं कैसे बन सकती हैं मौत की बड़ी वजह?

  • क्रिस्टियानो ने अपने संबोधन में एआई से जुड़ी दुर्घटनाओं को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि वहां मौजूद ज्यादातर लोगों के लिए उनकी मौत की सबसे संभावित वजह कोई एआई दुर्घटना हो सकती है।
  • उनकी चिंता केवल इस बात को लेकर नहीं है कि एआई इंसानों से ज्यादा समझदार हो जाएगा, बल्कि यह भी है कि अगर उसके लक्ष्य और फैसले इंसानी हितों के अनुरूप नहीं रहे, तो उसे नियंत्रित करना मुश्किल हो सकता है। ऐसी स्थिति में AI की गलती या उसके गलत तरीके से काम करने के गंभीर परिणाम सामने आ सकते हैं।

ओनएआई और एआई से क्रिस्टियानो का क्या है संबंध?

पॉल क्रिस्टियानो AI सुरक्षा और उसके इंसानी हितों के अनुरूप काम करने से जुड़े शोध के लिए जाने जाते हैं। वह अलाइनमेंट रिसर्च सेंटर के संस्थापक हैं। ओपनएआई ने नौ सितंबर 2026 को उन्हें ओपनएआई फाउंडेशन के बोर्ड में नियुक्त करने की घोषणा की थी। वह फाउंडेशन की सेफ्टी और सिक्योरिटी कमेटी में भी शामिल है। इसके अलावा, वह ओपनएआई ग्रुप पीबीसी के बोर्ड में गैर-मतदान पर्यवेक्षक की भूमिका निभाते हैं।

बिल गेट्स समेत दूसरे विशेषज्ञ भी जता चुके हैं चिंता

  • एआई के संभावित खतरों को लेकर पॉल क्रिस्टियानो अकेले चिंता नहीं जता रहे हैं। माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक बिल गेट्स भी कह चुके हैं कि दुनिया की सरकारें एआई से होने वाले सामाजिक और आर्थिक बदलावों के लिए पूरी तरह तैयार नहीं हैं।
  • गेट्स के मुताबिक, एआई से रोजगार पर असर पड़ सकता है और साइबर हमलों जैसे खतरे बढ़ सकते हैं। उन्होंने देशों से इस तकनीक को बेहतर तरीके से संभालने और इसके विकास के लिए मिलकर काम करने की जरूरत बताई है। हालांकि, उनका मानना है कि सही तैयारी और समान पहुंच सुनिश्चित की जाए, तो एआई स्वास्थ्य, शिक्षा और कृषि जैसे क्षेत्रों में बड़े फायदे भी पहुंचा सकता है।
शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X