शनिवार, 14 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
उज्जैन:महामृत्युंजय द्वार क्षेत्र में ब्रिज निर्माण बना मुसीबत, डिवाइडर से हजारों रहवासी परेशान – Ujjain’s divider disaster! school kids, daily commuters suffer – mp promises solution in 10 days
उज्जैन

उज्जैन:महामृत्युंजय द्वार क्षेत्र में ब्रिज निर्माण बना मुसीबत, डिवाइडर से हजारों रहवासी परेशान – Ujjain’s divider disaster! school kids, daily commuters suffer – mp promises solution in 10 days

November 14, 2026


महामृत्युंजय द्वार क्षेत्र में ब्रिज और सर्विस रोड निर्माण के दौरान बनाए गए डिवाइडर ने आसपास की करीब 20 कॉलोनियों के हजारों रहवासियों की परेशानी बढ़ा दी है। स्थिति यह है कि जिस रास्ते से पहले महज 50 से 100 मीटर में घर पहुंच जाते थे, वहां अब 500 मीटर से एक किलोमीटर तक का चक्कर लगाना पड़ रहा है। स्कूल, कॉलेज, बाजार और दफ्तर जाने के लिए भी लोगों को लंबा रास्ता तय करना पड़ रहा है।

डिवाइडर के कारण कॉलोनियों के बीच सीधा संपर्क टूट गया है। कीर्तिनगर स्थित डी मार्ट की ओर से आने वाले लोगों को यू-टर्न लेकर पहुंचना पड़ रहा है। वहीं, वसंत विहार जाने के लिए नानाखेड़ा की ओर से घूमकर आना पड़ता है। दीप्ति विहार के रहवासियों को कॉलोनी में पहुंचने के लिए ब्रिज के नीचे से होकर जाना पड़ रहा है। इंजीनियरिंग कॉलेज जाने वालों को भी यू-टर्न लेकर लंबा रास्ता तय करना पड़ रहा है। डी मार्ट क्षेत्र के रहवासियों को भी डी मार्ट जाने के लिए गोयला चौकी की ओर से होकर गुजरना पड़ रहा है।

पढ़ें: बदले की कहानी आई सामने, पिता की हत्या के 7 साल बाद बेटे ने कुल्हाड़ी से लिया बदला

इन 20 कॉलोनियों के लोग परेशान

कीर्तिनगर, महेश विहार, दीप्ति नगर, वसंत विहार, मोती बाग, अमरनाथ एवेन्यू, दीप्ति परिसर, सांवरिया परिसर, महावीर बाग, त्रिवेणी हिल्स, प्रशांति एवेन्यू, त्रिवेणी विहार, पावापुरी धाम, केसर परिसर, सनराइज सिटी, उपवन रेजिडेंसी, प्रीति परिसर, कृष्ण परिसर और वृंदावन धाम के रहवासी इस समस्या से परेशान हैं।

रहवासियों ने सांसद को घेरा, मिला 10 दिन में रास्ता खोलने का आश्वासन

परेशान रहवासियों ने अपनी समस्या सांसद अनिल फिरोजिया के सामने रखी। सांसद ने मौके पर ही 10 दिन के लिए डिवाइडर तोड़कर रास्ता खोलने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि इसके बाद मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम (एमपीआरडीसी) के अधिकारियों की बैठक बुलाकर सड़क और आवागमन व्यवस्था का स्थायी समाधान निकाला जाएगा। बैठक के लिए कीर्तिनगर विकास समिति और मंदिर प्रबंधन समिति ने स्थान एवं अन्य व्यवस्थाएं उपलब्ध कराईं।

पुल की योजना में ही रह गई कमी…?

एक रहवासी ने पुल निर्माण की योजना पर भी सवाल उठाए। उन्होंने बताया कि नानाखेड़ा से इंदौर की ओर जाने वाले वाहनों के लिए बोर्ड लगाकर सर्विस रोड का उपयोग करने के निर्देश दिए गए हैं। सवाल यह है कि जिस पुल से इंदौर की ओर से आने वाला ट्रैफिक उतर रहा है, उसी पुल को चौड़ा कर इंदौर जाने वाले वाहनों के लिए भी रास्ता क्यों नहीं बनाया गया? इससे इंदौर जाने वाले वाहन सर्विस रोड से होते हुए महामृत्युंजय चौराहे से गुजरते हैं। नतीजतन, चौराहा पार करने वाले स्थानीय रहवासियों की परेशानी और बढ़ जाती है।

यह बोले कॉलोनीवासी…

सिक्सलेन पर रेलिंग लगाने से घर पहुंचने के लिए लंबा चक्कर लगाना पड़ रहा है। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों को हो रही है। उनकी बसें मुख्य मार्ग पर आती हैं। लंबे चक्कर के कारण ड्राइवरों ने कॉलोनी के भीतर बसें लाने से मना कर दिया है। अपनी परेशानी सांसद के सामने रखी है। उन्होंने 10 दिन के भीतर उचित कार्रवाई का भरोसा दिया है।

– दुर्गेश शर्मा

सिक्सलेन निर्माता कंपनी ने कॉलोनी के भीतर आने वाले रास्ते को बंद कर दिया है। सर्विस लेन से आने पर दोनों तरफ से करीब दो-दो किलोमीटर का चक्कर लगाना पड़ रहा है। ऐसे में अगर कोई आकस्मिक स्थिति बनती है तो क्या करेंगे?

– विक्रमसिंह सोलंकी, महेश विहार

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X