शनिवार, 14 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
महाराजगंज

Maharajganj News:ट्रैक्टर से टकराकर गड्ढे में पलटी निजी बस, तीन घायल – Private Bus Overturns Into A Ditch After Colliding With A Tractor; Three Injured

November 14, 2026


उरुवा बाजार। थाना क्षेत्र के अमोढ़ा गांव के पास शुक्रवार शाम ट्रैक्टर से टकराने के बाद एक निजी बस अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकराते हुए सड़क किनारे गड्ढे में चली गई। हादसे में बस चालक समेत तीन लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने डायल 108 एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र उरुवा पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने तीनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

जानकारी के अनुसार, अमोढ़ा से लखनऊ के लिए संचालित निजी बस धुलाई के बाद खड़ी होने जा रही थी। इसी दौरान उरुवा की ओर से आ रहा एक ट्रैक्टर बस से टकरा गया। टक्कर इतनी तेज थी कि बस अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकराते हुए सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी।

हादसे में बस चालक बस्ती जिले के दुबौलिया थाना क्षेत्र के बरौसर निवासी 28 वर्षीय प्रवेश, ट्रैक्टर चालक मथुरा जिले के कोसी निवासी 20 वर्षीय महफूज और ट्रैक्टर सवार हरियाणा के नूंह जिले के शेखपुर निवासी 17 वर्षीय शाद घायल हो गए। थानाध्यक्ष श्यामदेव चौधरी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया। अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X