Bijnor News:टोल प्लाजा पर दर्ज मामले वापस लेने, गन्ना मूल्य 550 रुपये घोषित करने की मांग – Demand To Withdraw Cases Registered At Toll Plazas And To Set The Sugarcane Price At Rs 550
नजीबाबाद। किसानों की विभिन्न मांगों और समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन लोकशक्ति ने शुक्रवार को तहसीलदार नजीबाबाद को मुख्यमंत्री के नाम 12 सूत्री ज्ञापन सौंपा। किसानों ने मुंडा पांडे टोल प्लाजा पर किसानों व पत्रकारों के खिलाफ दर्ज मामले वापस लेने और गन्ने का दाम 550 रुपये देने की मांग की।
भाकियू लोकशक्ति के राष्ट्रीय महासचिव चौ. पदम सिंह एवं प्रदेश संगठन मंत्री देवेंद्र सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ता तहसील पहुंचे। जिलाध्यक्ष चौ. वीर सिंह सहरावत के साथ कार्यकर्ताओं ने तहसीलदार संतोष यादव को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मुंडा पांडे टोल प्लाजा मुरादाबाद पर किसानों व पत्रकारों पर दर्ज मामले वापस लेने, गन्ने का भाव 550 रुपये प्रति क्विंटल घोषित करने, घटतौली पर रोक लगाने, मिलों के दूषित पानी व धुएं पर अंकुश लगाने, ओवरलोड वाहनों पर रोक लगाने, सहकारी समितियों की चार प्रतिशत सब्सिडी दिलाने, बिजली भार वृद्धि वापस लेने, गुलदारों के आतंक से राहत दिलाने, बैंक ऋण माफ करने, 60 वर्ष से अधिक किसानों को दस हजार रुपये पेंशन देने की मांग की गई। इस अवसर पर ब्लॉक अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, जिला महासचिव अजयपाल सिंह, डॉ. जयप्रकाश सिंह आदि मौजूद रहे।
