Saharanpur News:अनजान लिंक पर न करें क्लिक किसी को न दें अपना ओटीपी – Do Not Click On Unknown Links, And Do Not Share Your Otp With Anyone
सहारनपुर। पेंशन एवं पेंशनभोगी कल्याण विभाग की ओर से चलाए जा रहे राष्ट्रव्यापी डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट अभियान-5 के तहत पंजाब नेशनल बैंक की ओर से रेलवे पेंशनर्स समाज कार्यालय में विचार संगोष्ठी हुई।
इसमें पेंशनर्स को बैंकिंग सुविधाओं और साइबर सुरक्षा के विषय में जागरूक किया गया। मुख्य प्रबंधक प्रवीण कुमार ने कहा कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और न ही किसी के साथ ओटीपी साझा करें।
उन्होंने पेंशनर्स को बैंक की विभिन्न सुविधाओं, सावधि जमा योजनाओं, वरिष्ठ नागरिक बचत योजना और ऋण योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया। पेंशनर्स बैंक की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाएं, साथ ही आश्वासन दिया कि बैंक से संबंधित उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा।
उन्होंने बढ़ते साइबर अपराध और ऑनलाइन बैंकिंग धोखाधड़ी के मामलों पर चिंता जताते हुए पेंशनर्स को सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट की उपयोगिता बताते हुए पेंशनर्स से नवंबर माह में अपना जीवन प्रमाण पत्र डिजिटल माध्यम से अथवा संबंधित बैंक शाखा में जमा कराने की अपील की।
संस्थापक आरसी शर्मा ने सदस्यों को जानकारी दी कि भारत पेंशनर्स समाज का 71वां राष्ट्रीय अधिवेशन 6 दिसंबर 2026 को कोलकाता में आयोजित होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता जेएन शर्मा ने की एवं संचालन एनएस चौहान ने किया।
इस दौरान राम प्रकाश शर्मा, मूलचंद रांगड़ा, विनोद त्यागी, इकबाल अजीम, देवेंद्र कुमार, अमरनाथ त्यागी, निसार अहमद, विजय तलवार, आरके धींगड़ा, अशोक शर्मा, अजीत राणा, मीना कटारिया, जयदेव सिंह, अमरनाथ आदि मौजूद रहे।
