Rewari News:खेत में गोली लगने से युवक की मौत, आत्महत्या की आशंका – Youth Dies After Being Shot In A Field; Suicide Suspected
बावल (रेवाड़ी)। कसौला थाना क्षेत्र के मुकुंदपुर बसई गांव में शुक्रवार की रात 9 बजे बोहली रोड पर नहर के पास खेत में खड़ी कार के नजदीक इसी गांव के निवासी बसंत (36) का शव मिलने से सनसनी फैल गई। बसंत को गोली लगी थी और खेत में खून फैला था। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव के पास से एक कट्टा और बीयर की दो बोतलें बरामद कीं।
परिजन बसंत को रेवाड़ी के सरकारी अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने बसंत को मृत घोषित कर दिया। पुलिस प्रथम दृष्टया इसे आत्महत्या का मामला मान रही है, जबकि मृतक के भाई व पूर्व सरपंच जोगेंद्र ने तीन लोगों पर बसंत को परेशान करने का आरोप लगाया है। पुलिस आत्महत्या और अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
बसंत के भाई जोगेंद्र ने कसौला थाना पुलिस को दी गई शिकायत में बताया है कि वह गांव मुकुंदपुर बसई के निवासी हैं और चार भाई हैं। 13 नवंबर को वह निजी काम से यूपी गए थे। इसी दौरान गांव के एक व्यक्ति अजय ने फोन पर बताया कि उनका भाई बसंत नहर के पास शराब पी रहा है।
उन्होंने कहा है कि जानकारी होने पर उन्होंने अपने बेटे सौरभ को फोन कर कहा कि वह जाकर चाचा बसंत को साथ घर लाए। जब बेटा सौरभ मौके पर पहुंचा तो देखा कि उसके भाई बसंत ने कट्टा से खुद को गोली मार रखी थी। बेटे ने घटना की जानकारी दी। इसके बाद बेटा सौरभ व अन्य लोग बसंत को लेकर रेवाड़ी के सरकारी अस्पताल में पहुंचे जहां डॉक्टर ने बसंत को मृत घोषित कर दिया।
वॉयस रिकॉर्डिंग से खुलेगा बसंत की मौत का राज
बसंत की मौत के मामले में अब मोबाइल में मिली वॉयस रिकॉर्डिंग जांच का अहम हिस्सा बन सकती है। परिजनों की शिकायत के बाद अब पुलिस के सामने वॉयस रिकॉर्डिंग की जांच और उसमें सामने आने वाले तथ्यों की पड़ताल करना महत्वपूर्ण है। हालांकि, रिकॉर्डिंग में क्या बातचीत है और उसका घटना से क्या संबंध है, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
वर्जन
शुक्रवार रात करीब साढ़े नौ बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि मुकुंदपुर बसई से बोलनी रोड पर नहर के पास एक युवक को गोली लगी है। पुलिस मौके पर पहुंची। मौके पर कट्टा और बीयर की दो बोतलें मिलीं जिन्हें कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का लग रहा है। पुलिस परिजनों की शिकायत के आधार पर भी जांच कर रही है।-सतीश कुमार, प्रभारी, कसौला थाना

खेत में मिली पिस्तौल और बीयर की बोतल। स्त्रोत: वीडियो ग्रैब
