Ambala News:रेलवे पार्किंग ठेकेदारों पर शिकंजा… अवैध वसूली की तो ठेका होगा रद्द – Crackdown On Railway Parking Contractors… Contracts To Be Cancelled If Illegal Charges Are Collected
अंबाला। रेलवे स्टेशनों की पार्किंग में वाहन खड़ा करना यात्रियों के लिए परेशानी का सबब न बने, इसके लिए अंबाला मंडल रेलवे प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। पार्किंग में अवैध वसूली, निर्धारित शुल्क से अधिक पैसे लेने और कर्मचारियों के दुर्व्यवहार की शिकायतों पर मंडल वाणिज्य प्रबंधक (डीसीएम) पायल ने कड़ा संज्ञान लिया है। अब मंडल के अंतर्गत आने वाले रेलवे स्टेशनों की पार्किंग में नियमित जांच के साथ औचक निरीक्षण किए जाएंगे।
निरीक्षण के दौरान आठ निर्धारित बिंदुओं पर व्यवस्थाओं को परखा जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने पर पार्किंग ठेकेदार का जुर्माना लगाने से लेकर ठेका रद्द करने तक की कार्रवाई होगी। वहीं, निगरानी में लापरवाही बरतने वाले विभागीय अधिकारियों की जिम्मेदारी भी तय की जाएगी।
जारी आदेशों के तहत सभी सेक्शनल सीएमआई, डिप्टी एसएस (कॉमर्शियल) और स्टेशन अधीक्षकों को अपने अधिकार क्षेत्र में आने वाली पार्किंग साइटों का नियमित, सघन और औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। विशेष रूप से भीड़भाड़ वाले समय में निगरानी बढ़ाने और पार्किंग अनुबंध की शर्तों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है। रेलवे प्रशासन का उद्देश्य यात्रियों को पार्किंग की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के साथ-साथ अवैध वसूली और अनियमितताओं पर अंकुश लगाना है।
निरीक्षण के दौरान इन 8 बिंदुओं की होगी जांच
रेलवे प्रशासन की ओर से पार्किंग व्यवस्थाओं की जांच के लिए आठ बिंदु निर्धारित किए गए हैं। इनमें अनुबंध में तय पार्किंग शुल्क का पालन, प्रवेश द्वारों और कलेक्शन काउंटरों पर स्वीकृत रेट लिस्ट का प्रमुखता से प्रदर्शन और अधिकृत पार्किंग स्लिप या कूपन जारी करना शामिल है। इसके अलावा पार्किंग कर्मचारियों के यात्रियों के प्रति व्यवहार की भी जांच होगी। निरीक्षण के दौरान वाहनों की प्रविष्टियों का सही रिकॉर्ड रखने के लिए पार्किंग रजिस्टर की व्यवस्था, परिसर की स्वच्छता और उचित रखरखाव को भी परखा जाएगा। डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के लिए क्यूआर कोड प्रमुख और आसानी से दिखाई देने वाले स्थानों पर लगाए जाने जरूरी होंगे। साथ ही किसी भी अनधिकृत पार्किंग संचालन, अवैध साइनबोर्ड और अनुबंध के दायरे से बाहर की गतिविधियों पर रोक सुनिश्चित की जाएगी।
ठेका रद्द करने के साथ अधिकारियों पर भी होगी कार्रवाई
वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक यशनजीत सिंह ने बताया कि आदेश में स्पष्ट किया गया है कि ओवरचार्जिंग, अनधिकृत गतिविधियों या निर्धारित प्रक्रियाओं के उल्लंघन को गंभीरता से लिया जाएगा। दोषी पाए जाने पर ठेकेदार पर भारी जुर्माना लगाने के साथ-साथ उसका अनुबंध (ठेका) तक रद्द किया जा सकता है। इसके अलावा, यदि किसी अधिकारी की निगरानी में चूक या निर्देशों का पालन कराने में विफलता पाई जाती है, तो संबंधित अधिकारी की भी जिम्मेदारी तय कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की सुविधा के लिए विभिन्न व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। इन सुविधाओं का बेहतर तरीके से और निर्धारित नियमों के तहत रखरखाव होना जरूरी है, ताकि यात्रियों को इनका वास्तविक लाभ मिल सके। इसी उद्देश्य से पार्किंग स्थलों के निरीक्षण के निर्देश जारी किए गए हैं।
– यशनजीत सिंह, वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक, अंबाला मंडल।
