बंगाणा/ थानाकलां (ऊना)। हिमाचल भाजपा खेल प्रकोष्ठ के सह संयोजक एवं कुश्ती संघ के प्रदेशाध्यक्ष राजिंद्र ठाकुर डिंपल ने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए दिसंबर माह में बंगाणा मुख्यालय में कुटलैहड़ खेल महाकुंभ का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कुश्ती संघ के सौजन्य से आयोजित होने वाले इस खेल महाकुंभ में कुटलैहड़ विधानसभा के हर गांव से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच प्रदान किया जाएगा। उनका उद्देश्य केवल खेल प्रतियोगिताएं करवाना नहीं बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को पहचान कर उन्हें राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने के अवसर उपलब्ध करवाना है। डिंपल ने बताया कि खेल महाकुंभ को सफल बनाने के लिए आगामी 10 दिनों के भीतर एक विशेष कमेटी का गठन किया जाएगा। इस खेल महाकुंभ में 12 से लेकर 30 वर्ष तक की आयु के खिलाड़ी भाग ले सकेंगे।