शनिवार, 14 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
उज्जैन:सैयदना मुफद्दल सैफुद्दीन के दीदार को उमड़ा बोहरा समाज, गूंजा मौला-मौला का जयघोष, सीएम ने की मुलाकात – Ujjain: Bohra Spiritual Leader Syedna Mufaddal Saifuddin Arrives, Cm Invites Him To Simhastha 2028
उज्जैन

उज्जैन:सैयदना मुफद्दल सैफुद्दीन के दीदार को उमड़ा बोहरा समाज, गूंजा मौला-मौला का जयघोष, सीएम ने की मुलाकात – Ujjain: Bohra Spiritual Leader Syedna Mufaddal Saifuddin Arrives, Cm Invites Him To Simhastha 2028

November 14, 2026


Ujjain: Bohra Spiritual Leader Syedna Mufaddal Saifuddin Arrives, CM Invites Him to Simhastha 2028

उज्जैन में गूंजा ‘मौला-मौला’ का जयघोष

विस्तार

बोहरा समाज के धर्मगुरु सैयदना डॉ. मुफद्दल सैफुद्दीन साहब आज उज्जैन पहुंचे। उनके नगर आगमन की खबर से ही आसपास के शहरों से बोहरा समाजजनों के उज्जैन पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। सुबह खाराकुआं और कमरी मार्ग पर बड़ी संख्या में समाजजन जुट गए थे। हर कोई अपने आकामौला की एक झलक पाने को आतुर नजर आ रहा था।

जैसे ही सैयदना साहब उज्जैन पहुंचे, मौला-मौला के हर्ष घोष से गगन गुंजायमान हो गया। समाजजनों की आंखें अपने धर्मगुरु के दीदार की खुशी से छलक पड़ीं। भीड़ नियंत्रण के लिए खाराकुआं व कमरी मार्ग पर व्यवस्था संभालने में कुशल बुरहानी गार्डों को तैनात किया गया था।

उज्जैन पहुंचते ही सैयदना साहब सबसे पहले खाराकुआं स्थित हसनजी बादशाह की दरगाह पहुंचे और वहां जियारत की। इसके बाद वे कमरी मार्ग स्थित मजार-ए-नजमी पहुंचे। यहां उन्होंने अपने पूर्वजों की मजार पर जियारत की और समाजजनों से मुलाकात कर उन्हें आशीर्वचन दिए। मजार-ए-नजमी में ही सैयदना साहब के पूर्वजों की मजार है। वे जब भी उज्जैन आते हैं, यहां जियारत जरूर करते हैं। जियारत के बाद वे नजमी परिसर स्थित भवन में रात्रि विश्राम के लिए चले गए।

सीएम डॉ. मोहन यादव ने की मुलाकात

सुबह मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कमरी मार्ग स्थित मजार-ए-नजमी दरगाह पहुंचे और सैयदना साहब से मुलाकात की। इस दौरान दोनों ने एक-दूसरे को दीपावली की आत्मीय शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने सैयदना साहब को उज्जैन में आयोजित होने वाले सिंहस्थ 2028 का आधिकारिक न्योता भी दिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेश में संचालित विभिन्न विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं पर सार्थक चर्चा की। 

ये भी पढ़ें: मातम में बदलीं दीपावली की खुशियां: परिवार के साथ कर रहे थे भोजन, घर में लगी आग ने छीनी 107 साल की छत्रछाया

सैयदना ने दीपावली के पावन पर्व पर हार्दिक शुभकामनाएं दीं और मध्यप्रदेश की प्रगति एवं प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि और कल्याण के लिए आशीर्वाद प्रदान किया। उन्होंने विशेष रूप से सिंहस्थ-2028 के दृष्टिगत उज्जैन के कायाकल्प एवं विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

तराना के लिए हुए रवाना

मुख्यमंत्री से भेंट के बाद सैयदना साहब तराना में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम के लिए रवाना हो गए। बताया जाता है कि सैयदना साहब इंदौर, देपालपुर व गौतमपुरा के प्रवास पर हैं। इसी दौरान उनका उज्जैन और आगर क्षेत्र का दौरा भी तय हुआ था। आगर जाने के कार्यक्रम को लेकर भी समाजजनों में उत्साह है। समाज के जनसंपर्क अधिकारी अली असगर मोय्यदी ने बताया कि धर्मगुरु सैयदना साहब के आने की सूचना से समाज में हर्ष व्याप्त है। समाज के लोग अपने आकामौला के स्वागत और दर्शन की आस को लेकर उत्साहित हैं।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X