Kullu News:सैंज कॉलेज में सुविधाओं के लिए मांगा बजट – Budget Sought For Facilities At Sainj College
कुल्लू। सैंज महाविद्यालय के अस्थायी परिसर में विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए पीटीए प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को उपायुक्त कुल्लू से मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने परिसर में जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने और वर्षा जल संचयन टैंक के निर्माण के लिए बजट स्वीकृत करने की मांग रखी। पीटीए प्रधान फतेह सिंह की अध्यक्षता में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त को परिसर में पेश आ रही समस्याओं से अवगत करवाया।
उन्होंने बताया कि बरसात के दौरान महाविद्यालय परिसर में पानी जमा हो जाता है। इससे विद्यार्थियों और महाविद्यालय स्टाफ को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। कई बार जलभराव के कारण परिसर में सामान्य गतिविधियां भी प्रभावित होती हैं। परिसर में उचित जल निकासी व्यवस्था विकसित करने से विद्यार्थियों को राहत मिलेगी। वहीं, वर्षा जल संचयन टैंक के निर्माण से बारिश के पानी का संग्रहण किया जा सकेगा, जिससे जल संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त से दोनों कार्यों के लिए जल्द बजट जारी करने का आग्रह किया। इस दौरान पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष जय बिहारी लाल, आईटीआई सैंज के चेयरमैन मोती राम, पीटीए उपाध्यक्ष हीरा लाल आदि सदस्य मौजूद रहे। संवाद
