रविवार, 15 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
मुरादाबाद

Moradabad News:अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट और हाईकोर्ट बेंच की मांग को लेकर लखनऊ में गरजे वकील – Lawyers In Lucknow Raise Their Voices, Demanding An Advocates Protection Act And A High Court Bench

November 15, 2026


– मृतक के आश्रितों को 25 लाख रुपये देने की उठाई मांग

अमर उजाला ब्यूरो

मुरादाबाद। अधिवक्ताओं की सुरक्षा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट बेंच की स्थापना समेत विभिन्न मांगों को लेकर शनिवार को लखनऊ में वकीलों ने विधानसभा घेराव के लिए प्रदर्शन किया। इसमें मुरादाबाद बार एसोसिएशन एंड लाइब्रेरी का प्रतिनिधिमंडल अध्यक्ष आनंद मोहन गुप्ता एडवोकेट के नेतृत्व में शामिल हुआ। प्रदेशभर से पहुंचे अधिवक्ताओं ने सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद करते हुए अधिवक्ता हितों से जुड़ी मांगों को जल्द पूरा करने की मांग की।

कानपुर बार एसोसिएशन और द लॉयर्स बार एसोसिएशन कानपुर के संयुक्त आह्वान पर जीपीओ चौराहा लखनऊ में जुटे अधिवक्ताओं ने उत्तर प्रदेश में अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग उठाई। इसके अलावा अधिवक्ता की मृत्यु के बाद उनके आश्रितों को अधिवक्ता कल्याण निधि से मिलने वाली सहायता राशि पांच लाख से बढ़ाकर 25 लाख रुपये करने की मांग की।

नए अधिवक्ताओं को शुरुआती पांच वर्षों तक 10 हजार रुपये मासिक स्टाइपेंड देने और पश्चिमी उत्तर प्रदेश समेत प्रदेश में इलाहाबाद हाईकोर्ट की चार बेंच स्थापित करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। प्रदर्शन के दौरान मुरादाबाद बार एसोसिएशन के अध्यक्ष आनंद मोहन गुप्ता ने कहा कि प्रदेश में आए दिन अधिवक्ताओं के साथ आपराधिक घटनाएं हो रही हैं लेकिन शासन-प्रशासन उनकी सुरक्षा को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रहा है।

जब अधिवक्ता किसी घटना के विरोध में प्रदर्शन या न्यायिक कार्य बहिष्कार करते हैं तो उन्हें हड़ताल नहीं करने का दबाव झेलना पड़ता है। उन्होंने कहा कि पिछले पांच दशक से पश्चिमी उत्तर प्रदेश की जनता हाईकोर्ट बेंच की मांग कर रही है लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हुई। प्रतिनिधिमंडल में संयुक्त सचिव आवरण अग्रवाल, कनिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य पंकज शर्मा, पूर्व कोषाध्यक्ष गोपाल कृष्ण द्विवेदी, रफीक अहमद समेत अन्य अधिवक्ता शामिल रहे।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X