रविवार, 15 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
रुड़की

Roorkee News:दुर्गा मॉडर्न इंटर कॉलेज में वार्षिकोत्सव की धूम – Annual Function Celebrated At Durga Modern Inter College

November 15, 2026


दुर्गा मॉडर्न इंटर कॉलेज में शनिवार को वार्षिकोत्सव धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। समारोह में छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। वहीं उत्तराखंड बोर्ड की मेरिट सूची में स्थान हासिल करने वाली इंटर की छात्रा आरजू को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि शिक्षा निदेशक विनोद प्रसाद सिमल्टी और विशिष्ट अतिथि बीएसआई ग्रुप के चेयरमैन सौरभ भूषण शर्मा ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना, गणेश वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया। देशभक्ति गीत, लोक नृत्य और लघु नाटिका की मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया।

विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों पर पूरा परिसर तालियों से गूंज उठा। मुख्य अतिथि विनोद प्रसाद सिमल्टी ने कहा कि शिक्षा के साथ सांस्कृतिक गतिविधियां भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। ऐसे आयोजनों से बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है और उनका आत्मविश्वास बढ़ता है।

विशिष्ट अतिथि सौरभ भूषण शर्मा ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और अनुशासन सफलता के प्रमुख आधार हैं। विद्यालयों में आयोजित होने वाले ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों की छिपी प्रतिभा को निखारने में सहायक होते हैं। विद्यालय चेयरमैन मनोज शर्मा ने अतिथियों को बुके, शॉल और स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया।

वहीं, उत्तराखंड बोर्ड की मेरिट सूची में स्थान बनाने वाली छात्रा आरजू को शिक्षा निदेशक विनोद प्रसाद सिमल्टी ने ट्रॉफी और प्रशस्तिपत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर विद्यालय संस्थापक धन प्रकाश शर्मा, प्रियोधा शर्मा, डायरेक्टर दीपा शर्मा, सेवानिवृत्त आईपीएस पंकज गैरोला, शरद शर्मा, ध्रुव गुप्ता, अमित कुमार पालीवाल, नरेंद्र कुमार, शुभम सिंह सहित अन्य मौजूद रहे।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X