रविवार, 15 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
श्रीनगर

Srinagar News:रंगील इलाके में गोशाला में लगी भीषण आग, तीन गायों और तीन बछड़ों की जलकर मौत – Srinagar, Massive Fire Breaks, Cowshed, Rangeel, Gandherbal

November 15, 2026


– संकरी सड़क के कारण छोटे वाहन से उपकरण ले जाकर बुझाई आग

संवाद न्यूज एजेंसी

गांदरबल। मध्य कश्मीर के गांदरबल जिले अंतर्गत मीर मोहल्ला रंगील में शनिवार सुबह एक गोशाला में भीषण आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में गोशाला के भीतर बंधी तीन गायों और तीन बछड़ों की जलकर मौत हो गई। संकरी सड़क होने के कारण अग्निशमन विभाग का बड़ा वाहन घटनास्थल तक नहीं पहुंच सका जिसके बाद दमकल कर्मियों ने एक सिविल टाटा मोबाइल वाहन पर उपकरण लादकर मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।

अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा मुख्यालय कमांड गांदरबल से प्राप्त जानकारी के अनुसार, नियंत्रण कक्ष को सुबह 11:00 बजे मीर मोहल्ला रंगील में आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही मात्र एक मिनट के भीतर यानी सुबह 11:01 बजे दमकल टीम घटनास्थल के लिए रवाना हो गई।

मौके पर पहुंचे अग्निशमन अधिकारी के अनुसार, घटनास्थल की ओर जाने वाला रास्ता बेहद संकरा होने के कारण विभाग की वाटर टेंडर गाड़ी सीधे मौके तक नहीं जा सकी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दमकल कर्मियों ने तुरंत अग्निशमन उपकरणों को एक स्थानीय सिविल टाटा मोबाइल वाहन पर लादा और घटनास्थल तक पहुंचाया।

हालांकि, दमकल कर्मियों के मौके पर पहुंचने से पहले ही आग ने विशाल गोशाला को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया था, जिसके चलते भीतर मौजूद तीन गायें और तीन बछड़े मृत पाए गए। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग को बुझाया और इसे आसपास के रिहायशी मकानों तक फैलने से रोक लिया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है और मामले में विस्तृत विवरण की प्रतीक्षा है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X