शनिवार, 14 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
कश्मीर के सभ्यतागत आत्मविश्वास के लौटते ही कट्टरवाद खुद समाप्त हो जाएगा :मेजर जनरल – Srinagar, Rk Raina, Major General, National Seminar
श्रीनगर

कश्मीर के सभ्यतागत आत्मविश्वास के लौटते ही कट्टरवाद खुद समाप्त हो जाएगा :मेजर जनरल – Srinagar, Rk Raina, Major General, National Seminar

November 14, 2026


– एसकेआईसीसी में आयोजित कार्यक्रम में नारानाग हेरिटेज कॉम्प्लेक्स के तीन-चरणीय पुनरुद्धार का विस्तृत खाका किया पेश

अमर उजाला ब्यूरो

श्रीनगर। काकिनी बिल्डिंग ह्यूमैनिटी के चेयरमैन मेजर जनरल आरके रैना (सेवानिवृत्त) ने कहा है कि जब कश्मीर अपना प्राचीन सभ्यतागत आत्मविश्वास पुनः हासिल कर लेगा और एक बार फिर पूरी दुनिया को ज्ञान व शिक्षा का प्रकाश देगा तो क्षेत्र से कट्टरवाद अपने आप समाप्त हो जाएगा।

वीरवार को श्रीनगर में आयोजित राष्ट्रीय सेमिनार को संबोधित करते हुए उन्होंने जियो-कल्चर को शासन व्यवस्था का चौथा प्रमुख स्तंभ बताते हुए गांदरबल स्थित ऐतिहासिक नारानाग हेरिटेज कॉम्प्लेक्स के तीन-चरणीय पुनरुद्धार और हिमालयन हेरिटेज कॉरिडोर के विकास का विस्तृत रोडमैप प्रस्तुत किया।

कश्मीर के 6,000 साल पुराने गौरवशाली इतिहास का उल्लेख करते हुए मेजर जनरल रैना ने कहा कि कश्मीर भारतीय ज्ञान परंपरा का संरक्षक और संवाहक रहा है। यहीं से संस्कृत और बौद्ध दर्शन दुनिया के विभिन्न हिस्सों में पहुंचे और पाक-अधिकृत कश्मीर स्थित शारदा पीठ ज्ञान का सर्वोच्च केंद्र रहा है। 8वीं शताब्दी के सम्राट ललितादित्य के साम्राज्य से लेकर आदि शंकराचार्य और स्थानीय विद्वान पंडित मिश्र के बीच हुए 17 दिवसीय शास्त्रार्थ का उल्लेख करते हुए उन्होंने कश्मीर और तमिलनाडु के गहरे आध्यात्मिक संबंधों को रेखांकित किया।

अप्रैल में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के साथ मिलकर नारानाग स्थल को गोद लेने का जिक्र करते हुए मेजर जनरल रैना ने बताया कि इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ हेरिटेज के सहयोग से जम्मू-कश्मीर के 2,306 आध्यात्मिक व विरासत स्थलों का शोध दस्तावेज अप्रैल तक तैयार हो जाएगा। उन्होंने नारानाग के विकास के लिए तीन-चरणीय योजना प्रस्तुत की।

पहला चरण (संरक्षण व मार्ग परिवर्तन) : मंदिर परिसर के बीच से गुजरने वाले आम रास्ते को अलग कर स्थानीय ग्रामीणों के लिए वैकल्पिक मार्ग तैयार किया जाएगा ताकि ग्रामीणों को असुविधा न हो और परिसर का संरक्षण हो सके।

दूसरा चरण (जीर्णोद्धार व व्याख्या केंद्र) : भूमि हस्तांतरण के दो वर्षों के भीतर एएसआई के सहयोग से 17 मंदिरों के इस समूह में से कम से कम दो प्रमुख परिसरों का जीर्णोद्धार और एक आधुनिक इंटरप्रिटेशन सेंटर स्थापित किया जाएगा।

तीसरा चरण (सतत पर्यटन व आर्थिक सशक्तिकरण) : नारानाग को हरमुख-गंगबल तीर्थयात्रा और श्री अमरनाथ यात्रा के लिए एक प्रमुख आध्यात्मिक पड़ाव (हाल्ट) के रूप में विकसित किया जाएगा। पर्यावरण अनुकूल (इको-सेंसिटिव) पर्यटन के माध्यम से स्थानीय गुज्जर, बकरवाल, पहाड़ी और अन्य समुदायों को प्रशिक्षण देकर रोजगार के नए अवसर सृजित किए जाएंगे।

सैन्य विरासत संरक्षण और प्रादेशिक सेना बटालियन का प्रस्ताव

मेजर जनरल रैना ने पुंछ स्थित बलदेव महल सहित कश्मीर की सैन्य विरासत स्थलों के संरक्षण पर भी जोर दिया। विरासत स्थलों की सुरक्षा के लिए प्रादेशिक सेना की संस्कृति एवं विरासत बटालियन गठित करने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र सरकार, जम्मू-कश्मीर प्रशासन, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और समाज के सहयोग से निर्मित होने वाला यह पवित्र हिमालयन हेरिटेज कॉरिडोर पूरे देश के लिए एक आदर्श मॉडल साबित होगा।

आचार्य अभिनवगुप्त के नाम पर विश्व विद्यापीठम बनाने का प्रस्ताव

विख्यात भारतीय शास्त्रीय नृत्यांगना और पद्म विभूषण से सम्मानित डॉ. पद्मा सुब्रह्मण्यम ने उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से श्रीनगर में महान दार्शनिक व सौंदर्यशास्त्री आचार्य अभिनवगुप्त के नाम पर नया विश्व विद्यापीठम स्थापित करने का आग्रह किया है। सेमिनार को संबोधित करते हुए उन्होंने नारानाग के ऐतिहासिक स्थल को सांस्कृतिक गतिविधियों का केंद्र बनाने और वहां खजुराहो की तर्ज पर नियमित वार्षिक नृत्य महोत्सव आयोजित करने का भी प्रस्ताव रखा। उन्होंने सुझाव दिया कि प्रस्तावित नए विश्व विद्यापीठम में संगीत, नृत्य, नाटक और कश्मीर की पारंपरिक शिल्प कलाओं (हस्तशिल्प व बुनाई) में बाकायदा शैक्षणिक डिग्रियां प्रदान की जानी चाहिए। उन्होंने कहा, मुझे बताया गया है कि पारंपरिक शिल्पकारों और बुनकरों की नई पीढ़ी अपने पुश्तैनी पेशे से दूर हो रही है। यदि उन्हें इन कलाओं में डिग्री हासिल करने का अवसर मिले तो वे निश्चित रूप से अपनी इस समृद्ध विरासत को आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने उपराज्यपाल से अनुरोध किया कि खजुराहो नृत्य महोत्सव की तरह नारानाग में भी हर वर्ष नियमित नृत्य महोत्सव आयोजित किए जाएं।

इन हस्तियों को किया गया सम्मानित

समारोह के दौरान कला, संस्कृति और विरासत के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए पद्म विभूषण डॉ. पद्मा सुब्रह्मण्यम, कुलदीप कृष्ण सिद्धा, एडवोकेट राजा अशरफ अली खान, स्वामिनी विश्व निरीश्वरी लक्ष्मी प्रिया माता, रमेश हंगलू, आर्किटेक्ट बालाजी धर और आर्किटेक्ट श्रावंती को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में काकिनी बिल्डिंग ह्यूमैनिटी के चेयरमैन मेजर जनरल आरके रैना (सेवानिवृत्त), उप अध्यक्ष डॉ. आंचल खुराना, संस्कृति विभाग के सचिव रमेश कुमार, संभागीय आयुक्त कश्मीर अंशुल गर्ग, डीआईजी सीकेआर राजीव ओमप्रकाश, एसएसपी श्रीनगर डॉ. जीवी संदीप चक्रवर्ती, उपायुक्त श्रीनगर अक्षय लाबरू सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X