एक रिपोर्ट के अनुसार, पिछले तीन वर्षों में प्रदूषण से संबंधित स्वास्थ्य बीमा दावों में 4.3 गुना वृद्धि हुई है। कुल दावों में 78 फीसदी हृदय और श्वसन संबंधी बीमारियों के हैं। पॉलिसीबाजार के आंकड़ों के अनुसार, 31-55 आयु वर्ग के कामकाजी पेशेवर 59 फीसदी दावों के साथ सबसे आगे हैं। वरिष्ठ नागरिक 31 फीसदी दावों के लिए जिम्मेदार हैं। ये दोनों समूह मिलकर लगभग 90 फीसदी प्रदूषण-संबंधी स्वास्थ्य बीमा दावों का प्रतिनिधित्व करते हैं। दिल्ली में सबसे अधिक 8,093 दावे दर्ज किए गए। इसके बाद पुणे, बेंगलुरु, मुंबई और हैदराबाद का स्थान रहा। टियर-2 और टियर-3 शहरों में कुल दावों का 55 फीसदी हिस्सा रहा। प्रदूषण से जुड़े दावे अक्तूबर से मार्च के बीच सबसे अधिक होते हैं। कुल दावा भुगतान 4.5 गुना बढ़कर 241.6 करोड़ रुपये हो गया। औसत दावा राशि 62,662 रुपये तक पहुंच गई। यह दर्शाता है कि प्रदूषण अब केवल श्वसन रोगों तक सीमित नहीं है, बल्कि एक बड़ा स्वास्थ्य और बीमा जोखिम बन रहा है।
भारत को सेमीकंडक्टर के लिए अपनी मशीन व कलपुर्जे बनाने होंगेः वैष्णव
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को कहा कि भारत को सेमीकंडक्टर उत्पादन के लिए अपनी मशीनें और बहुत सटीक कलपुर्जों का विनिर्माण करने की जरूरत है। केंद्र सरकार इस क्षेत्र में मजबूत घरेलू परिवेश विकसित करने की दिशा में काम कर रही है। इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी, सूचना एवं प्रसारण तथा रेल मंत्री वैष्णव ने बंगलूरू स्थित एथेरियल मशीन्स की विनिर्माण इकाई के दौरे के क्रम में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार देश में मजबूत सेमीकंडक्टर परिवेश विकसित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। एक आधिकारिक बयान के अनुसार वैष्णव ने कहा, प्रधानमंत्री मोदी की परिकल्पना के अनुरूप आत्मनिर्भर भारत की भावना के तहत यह जरूरी है कि भारत सेमीकंडक्टर विनिर्माण के लिए आवश्यक मशीनों और बहुत सटीक कलपुर्जों का विकास एवं उत्पादन खुद करे। मंत्री ने कहा कि एथेरियल मशीन्स की इकाई उन्नत मशीनों और उच्च परिशुद्धता वाले कलपुर्जों का उत्पादन करके इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। मंत्री ने बताया कि यह इकाई उन्नत मशीनरी और उच्च-सटीकता वाले ऐसे पुर्जे बनाती है, जिनमें 2 माइक्रोन से 20 माइक्रोन तक की सहनशीलता होती है। इस तरह के महत्वपूर्ण पुर्जे पहले जर्मनी व जापान जैसे देशों में बनाए जाते थे।